How To Make Smoky Rajasthani Chaas: नींबू पानी-लस्सी भूल जाएंगे, जब पिएंगे कोयले के धुएं वाली 'रास्थानी स्मोकी छाछ'! भीषण गर्मी में पेट को अंदर से रखेगी ठंडा

How To Make Smoky Rajasthani Chaas: भयंकर गर्मी और धूप के बीच शरीर को तुरंत हाइड्रेट करने के लिए आप राजस्थानी स्मोकी छाछ पी सकते हैं. पुदीने की ताजगी और कोयले के देसी स्मोकी फ्लेवर से भरपूर ये छाछ स्वाद के साथ-साथ आपके डाइजेशन को भी दुरुस्त रखेगी.

Advertisement
राजस्थानी छाछ बहुत ही शानदार फ्लेवर देती है. (Photo: ITG) राजस्थानी छाछ बहुत ही शानदार फ्लेवर देती है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:40 PM IST

गर्मी शुरू होते ही हर किसी का बस एक ही सवाल होता है, ऐसा क्या पिएं जिससे शरीर को तुरंत ठंडक मिले और पूरा दिन फ्रेश महसूस हो. कोई नींबू पानी पीकर राहत ढूंढता है तो कोई लस्सी और शिकंजी का सहारा लेता है. लेकिन अगर आप रोज-रोज एक जैसी ड्रिंक्स पीकर बोर हो चुके हैं और इस बार कुछ हटके, देसी और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो कोयले के धुएं वाली राजस्थानी छाछ आपके दिल को भी खुश कर देगी और शरीर को भी ठंडक पहुंचाएगी.

Advertisement

सोचिए... ठंडी-ठंडी छाछ, उसमें पुदीना और अदरक की ताजगी, हल्की मिर्च का चटपटा स्वाद और ऊपर से कोयले के धुएं का जबरदस्त स्मोकी फ्लेवर. एक घूंट पीते ही ऐसा लगेगा जैसे गर्मी का सारा असर गायब हो गया हो. यही वजह है कि राजस्थान की ये खास छाछ अब लोगों के बीच तेजी से पसंद की जा रही है. इसे बनाना बहुत आसान है. 

स्मोकी राजस्थानी छाछ बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स:

  • 1/2 कप दही
  • 3 से 4 कप ठंडा पानी
  • 1 से 2 हरी मिर्च
  • अदरक का छोटा टुकड़ा
  • थोड़े से पुदीने के पत्ते
  • थोड़ा सा हरा धनिया
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 छोटा चम्मच छाछ मसाला

स्मोकी फ्लेवर के लिए

  • 1 छोटा गर्म कोयला
  • 1 छोटा चम्मच घी

सर्व करने के लिए

  • आइस क्यूब्स
  • थोड़ा पुदीना और धनिया
  • बूंदी (ऑप्शनल)

घर पर ऐसे बनाएं स्मोकी राजस्थानी छाछ

Advertisement

1. राजस्थान की मशहूर स्मोकी छाछ बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सी के जार में 1-2 हरी मिर्च, अदरक का छोटा टुकड़ा, थोड़े पुदीने के पत्ते, धनिया, थोड़ा दही और पानी डालकर अच्छे से पीस लें. इससे एक बढ़िया हरा मसाला तैयार हो जाएगा.

2. अब एक बड़े बाउल में आधा कप दही लें और उसे अच्छे से फेंट लें कि उसका टेक्शचर गाढ़ा न रहे. इसके बाद इसमें तैयार किया हुआ हरा मसाला डालें और फिर 3 से 4 कप पानी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. स्वाद के हिसाब से छाछ मसाला और नमक डाल दें.

3. छाछ को स्मोकी फ्लेवर देने के लिए एक कोयले को अच्छी तरह गर्म कर लें. छाछ वाले बर्तन के बीच में एक छोटी कटोरी रखें और उसमें गर्म कोयला डाल दें. अब ऊपर से थोड़ा सा घी डालकर तुरंत बर्तन को ढक दें. यही स्मोकी स्वाद ही इस छाछ की सबसे खास बात है.

4. कुछ मिनटों तक धुआं अंदर रहने दें. यही धुआं छाछ को ऐसा देसी और रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देता है कि हर कोई इसका फैन हो जाता है. अगर आप तुरंत बर्तन उघाड़ देंगे तो सारा फ्लेवर निकल जाएगा.

5. तैयार छाछ को खूब सारे आइस क्यूब्स के साथ सर्व करें. ऊपर से थोड़ा धनिया-पुदीना डाल सकते हैं. चाहें तो बूंदी डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ाया जा सकता है.

गर्मी में क्यों है बेस्ट ऑप्शन?
राजस्थानी छाछ ना सिर्फ शरीर को ठंडक देती है बल्कि पाचन को भी बेहतर रखने में मदद करती है. अदरक, पुदीना और हरी मिर्च का हल्का फ्लेवर इसे बेहद रिफ्रेशिंग बना देता है. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के बीच ये देसी ड्रिंक किसी राहत से कम नहीं लगती.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »