भारत ने बाघों की गणना में नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. यह गणना साल 2018 में हुई थी. इस गणना के लिए कैमरा ट्रैप को 139 स्टडी साइट्स पर 26,760 अलग-अलग जगहों पर रखा गया था. इससे लगभग 3.5 करोड़ तस्वीरें ली गईं, जिसमें 76,523 बाघ और 51,337 तेंदुए की तस्वीरें मिली हैं.
दरअसल, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इसके बारे में जानकारी देते हुए ट्वीट किया कि यह आत्मनिर्भर भारत का जीता जागता उदाहरण है, जिसे संकल्प से सिद्धि के माध्यम से हासिल किया गया है. उन्होंने लिखा कि हमने लक्ष्य से 4 साल पहले ही बाघों की संख्या को दोगुना करने का संकल्प पूरा किया है.
एक अन्य ट्वीट में जावड़ेकर ने कहा कि वन्यजीव सर्वेक्षण के लिए वास्तव में यह एक महान क्षण और आत्मनिर्भर भारत का एक उत्कृष्ट उदाहरण है. इस बारे में उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की और इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी है.
इसे भी पढ़ें-
इस सर्वेक्षण में यह भी सामने आया है कि भारत की बाघों की आबादी में लगभग एक तिहाई की वृद्धि हुई है. नई गणना के मुताबिक, देश में बाघों की अनुमानित संख्या 2,967 हैं. इसके हिसाब से भारत में विश्व के कुल 75 फीसदी बाघ हैं. भारत ने 2010 में सेंट पीटर्सबर्ग में 2022 तक बाघों की संख्या दोगुनी करने वाले का संकल्प लिया था.
यह सर्वे 2018 का है. इसे पिछले साल जारी किया गया था, जबकि वर्ल्ड रिकॉर्ड की घोषणा अब की गई है. इसके लिए द ऑल इंडिया टाइगर एस्टीमेशन ने 1 लाख 21 हजार 337 वर्ग किलोमीटर में सर्वे किया है.
aajtak.in