कांग्रेस द्वारा सैम पित्रोदा को फिर से ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ का प्रमुख नियुक्त करने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )के बाद अब एनडीए की सहयोगी पार्टी तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है. टीडीपी ने सैम पित्रोदा की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस द्वारा उन्हें राजनीतिक जिम्मेदारी दिया जाना "स्वीकार" नहीं किया जा सकता है.
टीडीपी चित्तूर सांसद प्रसाद राव डी. ने आजतक से बात करते हुए कहा, 'सैम पित्रोदा द्वारा की गई टिप्पणियां नस्लवादी थीं. उनके द्वारा दिए गए बयान निंदनीय हैं. कांग्रेस द्वारा उन्हें राजनीतिक पद दिया जाना अस्वीकार्य है.'
बीजेपी ने की थी आलोचना
इससे पहले भाजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही अनुमान जता दिया था, कांग्रेस द्वारा सैम पित्रोदा को बर्खास्त करना महज एक चुनावी नौटंकी थी. अब उन्हें इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख के रूप में फिर से बहाल कर दिया गया है, जिससे कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं का पाखंड उजागर हो गया है.’’
यह भी पढ़ें: कांग्रेस में सैम पित्रोदा की वापसी पर BJP ने शेयर की मोदी की क्लिप, कहा- PM पहले ही बता दिए थे
प्रधानमंत्री ने कहा था, ‘‘उसने (कांग्रेस ने) अपने अमेरिका में बैठे गुरु को इस्तीफा देने पर मजबूर कर दिया है। कुछ दिनों बाद वे उन्हें वापस बुला लेंगे’’
पित्रोदा ने विवादित बयान देने के बाद दिया था इस्तीफा
आपको बता दें कि कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को एक बार फिर ओवरसीज कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है. पित्रोदा ने लोकसभा चुनाव के दौरान आठ मई को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. उनकी उस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘‘पूर्व के लोग चीनी और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी नागरिकों जैसे दिखते हैं.’’
तब सैम पित्रोदा की रंगभेदी टिप्पणी पर हंगामे के बाद कांग्रेस ने खुद को उनके बयानों से अलग कर लिया था और इसे अस्वीकार्य बताया था. जयराम रमेश ने पोस्ट में कहा था कि भारत की विविधता को दर्शाने के लिए सैम पित्रोदा द्वारा दिए गए उदाहरण सबसे दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य हैं. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उदाहरणों से खुद को पूरी तरह से अलग करती है.
यह भी पढ़ें: 'वो सही थे, टाइमिंग गलत', पित्रोदा की वापसी पर बोले उदित राज, राधिका खेड़ा ने कहा- अब बस मणिशंकर...
अमित भारद्वाज