अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय से लेकर, अनिल मिश्रा, गोपाल राव की मुश्किल बढ़ती जा रही हैं. चढ़ावा चोरी मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है, और कई बड़े खुलासे भी हुए हैं.
अब इस मामले में बीजेपी नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने कहा, यह स्पष्ट है कि धन का गबन किया गया है. मैंने इस मामले पर मोदी जी से बात की है. उन्होंने बताया कि हो सकता है कि आने वाले दिनों में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा जेल जाएं.
हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी की विनय कटियार से राम मंदिर या किसी भी अन्य मुद्दे पर कोई भी बात नहीं हुई. ना टेलीफोन पर और न ही व्यक्तिगत रूप से मुलाकात हुई है.
वहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गुरुवार को जांच के लिए गठित SIT ने अयोध्या में करीब 8 घंटे तक मैराथन जांच की. इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों से भी पूछताछ किए जाने की चर्चा है.
सूत्रों की मानें तो दोपहर 1:40 से रात 8:30 बजे तक जांच चली. IPS किरण एस की मौजूदगी में SIT की टीम मंदिर परिसर पहुंची और पूरे मामले की गहन पड़ताल की.
इस बीच राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि अनुकल्प मिश्रा के नाम पर मंदिर में व्यवस्था कार्यकर्ता के रूप में प्रवेश पास जारी किया जाता था.
आरोप है कि मंदिर के हर विशेष कार्यक्रम के दौरान उनके नाम से पास बनाया जाता था. दावा किया जा रहा है कि इसी व्यवस्था कार्यकर्ता वाले पास के जरिए उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश मिलता था. आरोप यह भी है कि इसी पास के आधार पर वह चढ़ावे की राशि की गणना (काउंटिंग) की प्रक्रिया में शामिल होता था.
वहीं, इस मामले में एक अन्य आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के भाई दिनेश यादव पहली बार मीडिया के सामने आए. दिनेश ने चंपत राय और अनिल मिश्रा पर अपने भाई को फंसाने का आरोप लगाया. दिनेश ने बताया कि टिन्नू यादव पूरी तरह निर्दोष है और बड़े पदाधिकारी खुद को बचाने के लिए उसे मोहरा बना रहे हैं.
हिमांशु मिश्रा