देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में भारी बारिश से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 जून से 2 जुलाई के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड में भारी बारिश की संभावना जताई है. IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, 29 जून 2026 को सुबह 8:30 बजे (IST) तक पिछले 24 घंटों में मेघालय में अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. वहीं, कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार, अगले 5 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेमी) होने की संभावना है.कुछ जगहों पर बहुत तेज बारिश (extremely heavy rainfall) भी हो सकती है. बता दें कि पूर्वोत्तर में मॉनसून पूरे जोर में एक्टिव है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस हफ्ते भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
वहीं, नॉर्थ इंडिया के मौसम की बात करें तो उत्तर भारत में मॉनसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. IMD के ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि अगले 2-3 दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और हिस्सों में मॉनसून पहुंचने के आसार हैं.
सड़कें धंसी, लोहे का पुल बहा... असम और अरुणाचल में बाढ़-बारिश से हाहाकार
इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में भी अब प्री मॉनसून गतिविधियां बढ़ सकती हैं. जिससे कुछ जगहों पर हल्की बारिश और आंधी चलने की संभावना है. ऐसे में तापमान में थोड़ी गिरावट आने के साथ गर्मी से राहत मिल सकती है. वहीं, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. देश में इस साल मॉनसून की बारिश सामान्य से कम रहने की उम्मीद है. अल-नीनो के असर से इस साल मॉनसून कुल मिलाकर कमजोर रहने की संभावना है.
पूर्वोत्तर में भारी बारिश का सितम
अरुणाचल प्रदेश और असम समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश ने तबाही मचाई है. अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश से आई बाढ़ में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि सिक्किम और उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है. दूसरी ओर, भारत मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि उत्तर भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं और यह 5-6 दिनों में नॉर्थ इंडिया पहुंच सकता है.
दिल्ली में कब मिलेगी गर्मी से राहत? IMD ने बताई मॉनसून की चाल
दिल्ली में गर्मी का कहर, कब पहुंचेगा मॉनसून?
स्काईमेट वेदर के अनुसार, दिल्ली में मॉनसून 4 जुलाई के आसपास पहुंच सकता है. इस साल मॉनसून देरी से आ रहा है. पाकिस्तान से आने वाली सूखी हवाएं और अरब सागर से नम हवाओं के मिलने से बादल तो बन रहे हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं हो रही है. IMD ने सोमवार को दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 4 जुलाई तक बारिश का दौर चल सकता है. उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ सकता है. हालांकि, कुछ इलाकों में अभी भी गर्मी बनी रहेगी.
आशुतोष मिश्रा