उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र यानी डिप्रेशन ओडिशा तट से टकरा गया है. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक रविवार की दोपहर डिप्रेशन बालासोर के पास उत्तर ओडिशा तट से टकरा गया. इसकी वजह से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के साथ ही आसपास के राज्यों में कई जगह भारी बारिश हो रही है.
आईएमडी ने रविवार की शाम 5.30 बजे जारी अपने बुलेटिन में यह जानकारी दी है. आईएमडी के मुताबिक अगले 24 घंटों में डिप्रेशन के दक्षिणी झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसकी वजह से ओडिशा में कुछ जगह बहुत अधिक बारिश का अलर्ट जारी किया है.
यह भी पढ़ें: देशभर में बारिश का तांडव! मुंबई में दो की मौत, यूपी में धंसी सड़क, झारखंड में चार दिन के लिए अलर्ट
आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होगी और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हाल के दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में आगे बढ़ा है.
यह भी पढ़ें: मुंबई: भारी बारिश के बीच गिरी चार मंजिला इमारत, मलबे में दबकर 6 लोगों की मौत
देश के बड़े हिस्से में मानसून सक्रिय है और इसके पूर्वी के साथ ही मध्य भारत में भी अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने के अनुमान हैं. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत कई जगह भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने मुंबई में 6 जुलाई को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है.
जुलाई में औसत से कम बारिश के अनुमान
मौसम विभाग ने जुलाई महीने में भी औसत से कम बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. मौसम विभाग के मुताबिक जुलाई महीने में दीर्घकालिक औसत के मुकाबले करीब 94 फीसदी कम बारिश होने का अनुमान है. पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में डिप्रेशन के प्रभाव से सामान्य से अधिक वर्षा के अनुमान भी मौसम विभाग ने जताए हैं.
अनमोल नाथ