लखनऊ से दिल्ली रवाना होने वाली इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी झूठी (हॉक्स) पाई गई. सामने आया है कि फ्लाइट लैवेटरी में हाथ से टिश्यू पर एक नोट लिखा मिला था. इस नोट में विमान में बम होनी की बात लिखी थी. इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं हैं.
सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के टेकऑफ से ठीक पहले धमकी मिलने पर विमान को रोक दिया गया था और व्यापक सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई. इसके बाद विमान और यात्रियों के सामान की गहन तलाशी ली गई. सुरक्षा एजेंसियां धमकी की सत्यता और उसके स्रोत की जांच में जुट गई थीं.
विमान में सवार थे 180 यात्री
सामने आया है कि लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E2111 को बम की धमकी मिलने के बाद उड़ान से ठीक पहले रोक दिया गया. यह विमान सुबह 10:45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था और इसमें करीब 180 यात्री सवार थे, जानकारी के अनुसार, उड़ान से पहले विमान के शौचालय (लैवेटरी) में टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिसमें विमान में बम होने का दावा किया गया था.
नोट मिलने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान की गहन जांच शुरू की गई. जांच के दौरान सभी यात्रियों को विमान से उतारकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया. विस्तृत तलाशी और सुरक्षा जांच के बाद बम की सूचना पूरी तरह झूठी (हॉक्स) पाई गई, हालांकि सुरक्षा प्रक्रिया के कारण फ्लाइट के डिपार्चर में देरी हुई. फिलहाल मामले की जांच जारी है और धमकी भरा नोट लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
आशीष श्रीवास्तव