'ये पाजामा-कुर्ता ओवैसी ने ईद पर दी थी...', लोकसभा में क्या बोले निशिकांत दुबे

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी का जिक्र करते हुए कहा कि हम पहले भारतीय हैं.

Advertisement
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर दागे कई सवाल बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर दागे कई सवाल

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 10 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:47 PM IST

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान झारखंड के गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. निशिकांत दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने साल 2014 से 2026 तक 260 विदेश यात्राएं की हैं. उन्होंने कहा कि गांधी फैमिली का कोई बिजनेस नहीं है. किताब की रॉयल्टी जो आती हो. वे बताएं कि ये यात्राएं किसने स्पांसर कीं. किसके पैसे पर वह विदेश जा रहे हैं और वहां जाकर क्या कर रहे हैं.

Advertisement

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी एक-एक विदेश दौरे का तारीख के साथ उल्लेख किया और इस दौरान उनके दिए बयान भी बताए. उन्होंने कहा कि बोस्टन में इंडियन कम्युनिटी को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा- इलेक्शन कमीशन कॉम्प्रोमाइज्ड. एमएस गिल इलेक्शन कमिश्नर बनते हैं, इनकी सरकार में मंत्री बन जाते हैं. निशिकांत दुबे ने कहा कि नवीन चावला को इलेक्शन कमिश्नर बना दिया गया. टीएन शेषन इतने बड़े रहे, आडवाणी जी के खिलाफ चुनाव लड़े. तब इलेक्शन कमीशन कॉम्प्रोमाइज्ड नहीं था.

उन्होंने राहुल गांधी के भारत में मुस्लिमों पर हमले का भी उल्लेख किया और कहा कि आज ये जो पाजामा कुर्ता पहना हूं, वह ओवैसी ने ईद पर दिया था. निशिकांत दुबे ने कहा कि देश की बात आती है, तब हम और ओवैसी एक साथ थे. ऑपरेशन सिंदूर के बाद सउदी अरब दौरे का किस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि ओवैसी जब वहां के विदेश मंत्री को समझाने में नाकाम रहे, वहां के विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान से बात करनी चाहिए. तब ओवैसी ने मुझसे बात करने के लिए कहा. हमने साफ कहा कि आपको सुनाने आए हैं, सुनने नहीं.

Advertisement

निशिकांत दुबे ने कहा कि हमने सउदी के विदेश मंत्री से साफ कहा कि हमारे आदमी को आपने मारा है, तो हम मारेंगे. आप पाकिस्तान को यह बात समझा दीजिएगा. उन्होंने कहा कि हम पहले भारतीय हैं, यही कहने ओवैसी और हम गए थे. न तो हमने कभी ओवैसी को तिलक चढ़ाने की कोशिश की, ना ही ओवैसी ने मुझे टोपी पहनाने की. निशिकांत दुबे ने कहा कि यही भारत की विशेषता है. केवल वोटबैंक की राजनीति करते हो. वाशिंगटन गए, तो वहां कहा कि भारत में डेमोक्रेसी खतम हो गया.

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की एजेंसीज के साथ गौरव गोगोई के संबंध हैं, असम सरकार ने इसकी जानकारी दे दी थी. ओम बिरला ने इसके बावजूद उस आदमी को एक कमेटी का हेड बना दिया, यही डेमोक्रेसी है. निशिकांत दुबे ने कहा कि ये जॉर्ज टाउन में थे, वहां कहा कि भारत में रिजर्वेशन समाप्त हो जाएगा. ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा हमने दिया. मंडल कमीशन का विरोध राजीव गांधी ने किया. उन्होंने कहा कि ये वर्जीनिया में थे और वहां कहा कि सिखों को पगड़ी नहीं पहनने दिया जा रहा है. बिट्टू को गद्दार कहते हैं. बेअंत सिंह शहीद हो गए, उनके पोते को ये गद्दार कहते हैं.

यह भी पढ़ें: 'सांसदों को संविधान ने दी है आजादी, नियमों से नहीं कुचल सकते', लोकसभा में बोले मनीष तिवारी

Advertisement

निशिकांत दुबे ने कहा कि एलओपी इस तरह की हरकतें इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि 95 चुनाव हार चुके हैं. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने पार्टी छोड़ी, तब 206 सांसद थे. पार्टी 44 पर चली गई. प्रियंका गांधी को साथ भेजना पड़ा, तब 99 पर पहुंच गई पार्टी. गांधी परिवार में जो आदमी पैदा होता है, वह प्रधानमंत्री बनता है, विपक्ष का नेता नहीं बनता. निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रियंका गांधी के बेटे की शादी होने वाली है, रिक्वेस्ट करूंगा कि उसके साथ मेरी फोटो खिंचा दीजिएगा. गांधी परिवार में राजा पैदा होता है. 

यह भी पढ़ें: 'स्पीकर को फ्रीडम है क्या? उदाहरण दूं कुछ...', लोकसभा में राजीव राय का चैलेंज

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि एक कहावत है, बूड़ा वंश कबीर का उपजा पूत कमाल. ये अंतिम राजा है, ये कांग्रेस को खतम करेगा. उन्होंने कहा कि ओम बिरला को दो चीजों की सजा जरूर मिलनी चाहिए. एक इसकी कि यहां बैठे सदस्यों को ओम बिरला ने आवाज दी और दूसरा इसकी कि कोरोना काल में एक भी सांसद ना मरे, इसके लिए डॉक्टर और हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई. निशिकांत दुबे ने कहा कि मौत का सौदागर, चौकीदार चोर है, प्रधानमंत्री हत्यारा है, प्रधानमंत्री के लिए इतना कुछ बोला गया, तब उनको रोकने वाला कोई नहीं था.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'कैश फॉर वोट में भी हम नहीं लाए अविश्वास प्रस्ताव', लोकसभा में रिजिजू का विपक्ष पर वार

उन्होंने एक पुस्तक दिखाते हुए कहा कि मैंने तो किताब कोट किया, आज भी लेकर आया हूं. एडविना माउंटबेटन की बेटी है, वह कहती है कि महात्मा गांधी की हत्या हो गई और गम मनाने की बजाय नेहरू एडविना माउंटबेटन के साथ एक कमरे में बंद थे. निशिकांत दुबे ने कहा कि नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री थे. वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के रिश्तेदार होंगे, हमें उनकी गल्तियां बताने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका से पैसा लेकर आपने गुटनिरपेक्ष मूवमेंट बनाया, सीआईए के कागज में लिखा है तो क्या मैं नहीं बताऊंगा कि आप अमेरिका के दलाल हैं.

यह भी पढ़ें: 'लालकृष्ण आडवाणी विपक्ष के नेता थे, हम...', किरेन रिजिजू ने लोकसभा में सुनाया पुराना वाकया, नेहरू को भी किया कोट

निशिकांत दुबे ने कहा कि वाशिंगटन पोस्ट में लंबा चौड़ा आर्टिकल छपा है कि नंदा देवी में न्यूक्लियर उपकरणों के कारण गंगा के तटवर्ती इलाकों में कैंसर फैल रहा है, ओड़िशा का चरवटिया एयरपोर्ट अमेरिका को बेस के रूप में यूज करने के लिए दे दें, तो क्या हम नहीं कहेंगे कि नेहरू अमेरिका के दलाल थे. उन्होंने यह भी कहा कि संविधान में तो विपक्ष के नेता का जिक्र तक नहीं है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement