पुणे के रियल एस्टेट एजेंट केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच में पुलिस को जैसे- जैसे अहम जानकारियां मिल रही हैं , वैसे वैसे तहकीकात आगे बढ़ रही है. इस बीच केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने हाल ही में अपने बेटे को इंसाफ दिलाने की मांग करते हुए राष्ट्रपति को पत्र लिखा था. और अब केतन की मां राखी अग्रवाल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक चिट्ठी लिखी है. इस पत्र में एक मां का दर्द हर शब्द में साफ दिखाई देता है.
राखी अग्रवाल लिखती हैं...'मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे अपने ही बेटे के लिए न्याय मांगने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखना पड़ेगा. हर मां का सपना होता है कि उसका बेटा शादी करे, अपना परिवार बसाए और खुशहाल जिंदगी जिए... लेकिन मुझे अपने ही बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा.'
'मेरी पूरी दुनिया भी खत्म हो गई'
राखी अग्रवाल कहती हैं कि...'मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, उसके साथ मेरी पूरी दुनिया भी खत्म हो गई. घर का हर कोना आज भी मुझे केतन की याद दिलाता है. उसका कमरा, उसके कपड़े, उसकी तस्वीरें , सब कुछ मुझे हर दिन यह एहसास कराता है कि मेरा बेटा अब कभी लौटकर नहीं आएगा.'
पत्र में उन्होंने यह भी लिखा है कि केतन की मौत के सिर्फ 20 दिन बाद उसके दादा का भी निधन हो गया. अपने पोते को खोने का गम वह सहन नहीं कर पाए. कुछ ही दिनों में परिवार ने दो पीढ़ियों को खो दिया. राखी अग्रवाल प्रधानमंत्री मोदी से कहती हैं- 'मैं किसी सहानुभूति या विशेष मदद की मांग नहीं कर रही हूं, मैं सिर्फ अपने बेटे के लिए इंसाफ चाहती हूं. जिन लोगों ने मेरे बेटे की जान ली है, उन्हें कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए.'
'हर रात बेटे की तस्वीर देखकर कहती हूं...'
अपने पत्र के आखिर में एक मां की बेबसी छलक पड़ती है. वह लिखती हैं- 'हर रात मैं अपने बेटे की तस्वीर देखकर कहती हूं- बेटा, मां आज भी तेरे लिए लड़ रही है. बस उस दिन का इंतजार है, जब मैं तुझसे कह सकूं- बेटा, तुझे इंसाफ मिल गया.' अब देखना होगा कि एक मां की इस भावुक अपील के बाद क्या इस मामले में कोई नई पहल होती है और केतन अग्रवाल के परिवार को इंसाफ की उम्मीद कब पूरी होती है.
बता दें कि बीते 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर 25 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित तौर पर चट्टान से धक्का देकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मुख्य आरोपी केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पुलिस की गिरफ्त में हैं लेकिन हत्या की कहानी अब भी साफ नहीं है.
ओमकार