महाराष्ट्र के बदलापुर से एक ऐसी दर्दनाक तस्वीर सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. बर्थडे पार्टी की खुशियां कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गईं. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार BMW कार का इतना भयानक एक्सीडेंट हुआ कि दो एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा इतना भीषण था कि लग्जरी कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर भयावह मंजर देखने को मिला. सवाल ये है कि क्या 250 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार ने दो जिंदगियां निगल लीं ?
मिली जानकारी के मुताबिक बदलापुर के रहने वाले 26 वर्षीय योगेश नेगी का शनिवार को जन्मदिन था, तीनों दोस्तों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. शनिवार रात दोस्तों के साथ बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद योगेश, उसका दोस्त अंगद गिल और मुंबई के बांद्रा इलाके में रहने वाली 24 वर्षीय रेबेका जैकब BMW कार से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घूमने निकले थे.
रविवार तड़के टिटवाला-बदलापुर मार्ग पर एरंजाड इलाके के पास अचानक कार चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और तेज रफ्तार BMW डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलटती हुई सड़क पर घिसटती चली गई. कुछ ही सेकंड में लाखों की लग्जरी कार कबाड़ में तब्दील हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे से पहले BMW कई बार बेहद तेज रफ्तार में एक्सप्रेसवे पर दौड़ती दिखाई दी थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीसरी बार कार गुजरने के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जब लोग मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर बेहद भयावह था. इस दर्दनाक हादसे में योगेश नेगी और रेबेका जैकब की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार चला रहा अंगद गिल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत ठाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद मे कल्याण के फोर्टिस हॉस्पिटल मी भरती कराया गया है. जहां उसका इलाज जारी है.
हादसे की जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. जिस BMW कार में यह सफर किया जा रहा था, वह सिर्फ दो सीटों वाली कार बताई जा रही है, लेकिन उसमें तीन लोग सवार थे, इतना ही नहीं, प्राथमिक जानकारी के मुताबिक किसी ने भी सीट बेल्ट नहीं लगाई थी. योगेश नेगी और अंगद गिल दोनों के पिता व्यावसायिक हैं, BMW गाड़ी अंगद के पिता की कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड हैं.
यह भी पढ़ें: बर्थडे पार्टी के बाद बिछ गईं लाशें... मुंबई-बड़ौदा हाईवे पर 250 की स्पीड से दौड़ाई BMW
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई, घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार, लापरवाही और स्टंटबाजी की आशंका जताई जा रही है.
वहीं, चालक के शराब के नशे में होने की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस हादसे की असली वजह क्या थी ? क्या 250 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार ने दो जिंदगियां छीन लीं, या फिर इसके पीछे कोई और कारण था ? पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही इस सनसनीखेज हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी.
इस मामले में बदलापुर के डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि, बदलापुर वेस्ट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत पनवेल-बड़ौदा हाईवे आता है, परसों रात यहां एक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें BMW Z4 में तीन लोग सवार थे. तेज रफ्तार के कारण गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है और उसे फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
घायल युवक के पिता की एमआईडीसी में फैक्ट्री है, यह हादसा देर रात करीब 2 बजे हुआ. मामले की जांच बदलापुर वेस्ट पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है और आगे की जांच किशोर शिंदे कर रहे हैं. चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. साथ ही वाहन की स्पीड कितनी थी और दो सीटों वाली गाड़ी में तीन लोग कैसे बैठे थे, इसकी भी जांच जारी है.
हादसा इतना गंभीर था कि गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद दो से तीन बार पलटी खाई. यह सड़क अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुई है. लोगों से अपील है कि जब तक सड़क पूरी तरह तैयार नहीं हो जाती, तब तक सावधानी से यात्रा करें या अनावश्यक रूप से इस रास्ते का उपयोग न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है.
फिलहाल यह एक बड़ा हादसा है. ऐसे कई छोटे-बड़े हादसे भी सामने आए हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है, क्योंकि यह हाईवे दो पुलिस स्टेशनों के अंतर्गत आता है. पूरी जानकारी एकत्र करने के बाद ही आगे स्पष्ट जानकारी दी जाएगी.
मिथिलेश गुप्ता