सोनीपत में दर्दनाक हादसा... दो ट्रकों की टक्कर के बाद धधक उठे दोनों वाहन, केबिन में फंसा चालक जिंदा जला

हरियाणा के सोनीपत में एनएच-334बी पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. हादसे में पीछे चल रहे ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई. दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद शव को बाहर निकाला. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
NH-334B पर आग का तांडव.(Photo: Pawan Kumar/ITG) NH-334B पर आग का तांडव.(Photo: Pawan Kumar/ITG)

पवन राठी

  • सोनीपत,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:18 PM IST

हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे-334B पर बुधवार को ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी. गांव रोहणा के पास दो ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि पीछे चल रहे ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. देखते ही देखते वह जिंदा जल गया.

Advertisement

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. कुछ ही देर में खरखौदा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चालक की जान जा चुकी थी.

यह भी पढ़ें: सोनीपत: पीर बाबा की मजार में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आग बुझने के बाद जब केबिन खोला गया तो अंदर चालक का जला हुआ शव मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. मृतक की पहचान रोहतक जिले के गांव आसन निवासी 37 वर्षीय मंगल सेन के रूप में हुई है.

डस्ट से भरे ट्रक ने रोडी से लदे ट्रक को मारी टक्कर

Advertisement

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब डस्ट से भरा एक ट्रक आगे चल रहे रोडी से लदे ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने दोनों वाहनों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी चालक को बाहर निकालने की हिम्मत नहीं जुटा सका. जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग पूरे केबिन में फैल चुकी थी.

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने यातायात को दूसरे रास्तों से डायवर्ट कर राहत एवं बचाव कार्य कराया. आग पूरी तरह बुझने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया.

पुलिस ने शुरू की जांच, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि नेशनल हाईवे-334बी पर दो ट्रकों की टक्कर के बाद आग लगने की सूचना मिली थी. हादसे में पीछे वाले ट्रक के चालक की जलने से मौत हो गई. मृतक की पहचान रोहतक के गांव आसन निवासी मंगल सेन के रूप में हुई है.

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. दुर्घटना कैसे हुई और इसमें किसी तरह की लापरवाही थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.

Advertisement

वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जाती है. हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »