गुजरात के सूरत जिले के बारडोली क्षेत्र में उवा गांव के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. महाराष्ट्र नंबर की दो सरकारी बसों के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद एक बस में आग लग गई. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्रियों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है.
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शाम करीब 4 बजे के बाद हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बसों के बीच भीषण भिड़ंत हुई, जिसके बाद एक बस डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जा गिरी और उसमें आग लग गई. देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे की सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया और घायलों को बसों से बाहर निकालने में मदद की.
शुरुआती जानकारी में स्थानीय लोगों ने तीन से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई थी, लेकिन बाद में सूरत ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की. अधिकारियों के अनुसार, घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने की है. उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है तथा स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.
प्रशासन के अनुसार, बसों में सवार अधिकांश यात्री महाराष्ट्र के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और अधिकारियों की टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.
इस भीषण दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटा हुआ है.
ब्रिजेश दोशी