एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने दिल्ली के पार्टी सर्किट में जाने-माने चेहरे और 'प्लेबॉय क्लब' के पूर्व फ्रैंचाइजी होल्डर हरप्रीत सिंह तलवार को गिरफ्तार कर लिया है. तलवार पर 2021 में मुंद्रा पोर्ट ड्रग्स जब्ती मामले (जिसकी कीमत 21,000 करोड़ रुपये थी) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ISI समर्थित इंटरनेशनल ड्रग तस्करी सिंडिकेट में शामिल होने का आरोप.
ED के अनुसार, राजधानी दिल्ली में तलवार के पांच ठिकानों पर तलाशी के बाद बुधवार को उन्हें हिरासत में लिया गया था. उन पर ISI से जुड़े पाकिस्तानी और अफगान नागरिकों के साथ मिलकर ड्रग्स की तस्करी करने और अपने हॉस्पिटैलिटी बिजनेस के जरिए 'नार्को मनी' (ड्रग्स से कमाए पैसे) का इस्तेमाल करने का आरोप है.
हरप्रीत सिंह तलवार दिल्ली के पॉश इलाके में स्थित सम्राट होटल से अपना नाइटक्लब चलाता था. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी उसे पूर्व में गिरफ्तार किया था. एनआईए की जांच में ये बात सामने आई थी कि वह अफगानिस्तान और पाकिस्तान से संचालित होने वाले एक बेहद खतरनाक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का मुख्य सदस्य है.
केंद्रीय जांच एजेंसी के मुताबिक, तलवार भारत में नशीले पदार्थों की अवैध खेप मंगाने के लिए कई तरह की शेल संस्थाओं (फर्जी कंपनियों) का इस्तेमाल कर रहा था. वह इन फर्जी कंपनियों के जरिए विदेशों से ड्रग्स आयात करता था और फिर दिल्ली में मौजूद उन अफगान नागरिकों तक इसे पहुंचाता था जो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी जैसे राज्यों में हेरोइन के शुद्धिकरण और उसे बांटने में शामिल दिल्ली-स्थित अफगान नागरिकों तक इसे पहुंचाने में मदद करते थे.
अरविंद ओझा