दिल्ली में एक शराब कारोबारी के घर में डकैती का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, गोल्फ लिंक में एक नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में डकैती को अंजाम दिया. यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि गोल्फ लिंक स्थित एक घर में नौकर कुछ लोगों के साथ घुसा और परिवार को डराकर पैसे और ज्वेलरी लूटकर फरार हो गया. इसके बाद गुरुवार रात करीब 8 बजे इस घटना की सूचना पुलिस को मिली. बताया जा रहा है कि इस मामले में परिवार को बंधक बनाकर डकैती को अंजाम दिया गया. यह घटना तुगलक रोड इलाके की है.
जानकारी के मुताबिक, बदमाश करीब 30–40 लाख रुपये कैश और ज्वेलरी लेकर फरार हो गए.
पुराने नौकर के रेफरेंस से रखा था नया नौकर
जिस घर में डकैती की वारदात हुई, वहां कुछ दिन पहले ही एक नए नौकर को काम पर रखा गया था. जानकारी के अनुसार, पुराने नौकर के रेफ़रेंस पर नया नौकर रखा गया था. आरोप है कि इसी नौकर ने अपने साथियों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया है. इस घटना में करीब 6 लोग शामिल बताए जा रहे हैं.
वारदात के बाद नौकर फरार है. पुलिस का कहना है कि उसकी पहचान हो चुकी है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस इस मामले में घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है.
अरविंद ओझा / हिमांशु मिश्रा