दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. फ्लाईओवर के ऊपर एक बाइक मिली, जबकि उस पर सवार तीन लोग नीचे गिरे हुए पाए गए. हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किसी वाहन की टक्कर से हुई या फिर बाइक का संतुलन बिगड़ने की वजह से.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई. इसके तुरंत बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि तीनों लोग फ्लाईओवर से नीचे कैसे गिरे. जांच में यह देखा जा रहा है कि कहीं बाइक का संतुलन बिगड़ने से हादसा तो नहीं हुआ. साथ ही इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि किसी दूसरे वाहन की टक्कर की वजह से यह दुर्घटना हुई. पुलिस घटना की जगह से जरूरी सबूत इकट्ठा कर रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं, जिससे हादसे की असली वजह साफ हो सके.
बता दें कि सड़क हादसों में दोपहिया वाहन सवार सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 में देशभर में करीब 4.87 लाख सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं. यह आंकड़ा 2023 की तुलना में 1.48 प्रतिशत ज्यादा रहा. सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि इन हादसों में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1.77 लाख से भी अधिक हो गई है.
इस सरकारी रिपोर्ट में यह बात भी पूरी तरह साफ की गई है कि सड़कों पर चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों की जिंदगी सबसे ज्यादा खतरे में रहती है. हादसों में जान गंवाने वाले कुल लोगों में सबसे बड़ा हिस्सा, यानी करीब 46.2 प्रतिशत बाइक और स्कूटी चलाने वालों का ही था. इसके बाद सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों का नंबर आता है, जिनकी हिस्सेदारी 20.6 प्रतिशत रही. वहीं कार, टैक्सी या छोटी गाड़ियों में सफर करने वाले 12.4 प्रतिशत लोगों की इन हादसों में मौत हुई है.
हिमांशु मिश्रा