टेलीविजन हो या फिल्में, एक एक्टर के लिए इनमें से किसी भी प्लेटफॉर्म पर काम मिलना काफी मुश्किल होता है. वैसे तो यहां काम टैलेंट देखकर दिया जाता है. मगर आजकल कुछ कास्टिंग डायरेक्टर्स ऐसे आ गए हैं, जो इंस्टाग्राम फॉलोअर्स देखकर एक्टिंग रोल थमाते हैं. इस मुद्दे पर पहले काफी बातें हो चुकी थीं. लेकिन अब एक टीवी एक्ट्रेस ने इसका खुलासा भी कर दिया है.
शिवांगी खेड़कर जो स्टार प्लस के सीरियल मेहंदी है रचने वाली में नजर आ चुकी हैं, उन्होंने कास्टिंग प्रोसेस की पोल खोली है. उनका दावा है कि कास्टिंग वाले लोग किसी एक्टर को ऑडिशन के दम पर नहीं, बल्कि उनके फॉलोअर्स देखकर कास्ट करते हैं. उन्होंने भी एक ऑडिशन दिया था, जिसमें 1 मिलियन फॉलोअर्स वाले कलाकार की डिमांड रखी गई.
एक्ट्रेस ने खोली कास्टिंग की पोल
शिवांगी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर व्हाट्सऐप की एक प्राइवेट चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जहां साफ-साफ लिखा था कि कास्टिंग वालों को 1 मिलियन फॉलोअर्स वाला एक्टर चाहिए. इसपर अपनी निराशा जताते हुए शिवांगी ने लिखा- फीडबैक ऑडिशन या परफॉर्मेंस को लेकर नहीं था. बात सिर्फ सोशल मीडिया फॉलोअर्स की थी. किरदार भले ही काल्पनिक हो, लेकिन फॉलोअर्स की गिनती इंडस्ट्री में बिल्कुल असली मायने रखती है.
शिवांगी खेड़कर की पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. अधिकतर सभी लोग एक्ट्रेस के सपोर्ट में नजर आए. कई सारे टीवी कलाकारों ने शिवांगी की परेशानी समझी और इसे सच बताया. एक यूजर ने प्रोडक्शन हाउस पर भड़कते हुए इंटरनेट पर लिखा- ये देखकर निराशा होती है कि असली टैलेंट को नजरअंदाज किया जा रहा है, क्योंकि प्रोडक्शन हाउस सिर्फ सोशल मीडिया फॉलोअर्स को महत्व दे रहे हैं. एक्टिंग का आधार किसी कलाकार की काबिलियत, मेहनत और किरदार के लिए वो ठीक है या नहीं, इसपर होना चाहिए. ना कि उसके कितने फॉलोअर्स हैं. कलाकारों को अपना हुनर दिखाने का निष्पक्ष और बराबरी का मौका मिलना चाहिए.
शिवांगी वैसे कई सारे ऐड्स में नजर आ चुकी हैं. उनका शो मेहंदी है रचने वाली स्टार प्लस पर साल 2021 में आया था, और उसी साल के अंत तक बंद भी हो गया था. फिलहाल वो ब्रैंड शूट्स करके पैसे कमा रही हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क