टीवी की फेमस एक्ट्रेस दिशा वकानी के पिता भीम वकानी का निधन हो गया है. 84 की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली. परिवार के करीबी ने बताया कि उनको को डेढ़ साल पहले पैरालिसिस हो गया था. कुछ समय पहले उन्हें निमोनिया हो गया था. वो अस्पताल में थे और आज यानी मंगलवार सुबह 8:30 बजे उनका निधन हो गया.
दिशा पिता संग खास बॉन्ड शेयर करती थीं. वो उनके साथ न सिर्फ थियटर करती थीं बल्कि गली-गली जाकर अवेयरनेस वाले नाटक भी किया करती थीं. पिता संग बिताए पलों को याद करते हुए दिशा ने एक बार अपने बचपन के खास पलों को शेयर किया था. उन्होंने बताया था कि कैसे वो पिता से कहा करती थीं कि उनकी हीरोइन तैयार है.
‘इन-हाउस हीरोइन तैयार हो रही है’
दिशा वकानी ने एक इंटरव्यू में बचपन की यादें साझा करते हुए बताया था कि- रिहर्सल और शो के दौरान सीनियर एक्ट्रेस मेरे गाल खींचकर पापा से कहती थीं कि ‘भीम भाई, आपकी इन-हाउस हीरोइन तैयार हो रही है.’ तब मुझे ‘हीरोइन’ का मतलब नहीं पता था, लेकिन शायद यहीं से एक्ट्रेस बनने का सपना शुरू हुआ.
गांव-गांव जाकर किए नाटक
दिशा ने बताया था कि- मैंने पापा के साथ गुजरात के गांवों में जाकर कई जागरूकता वाले नाटक किए, जैसे ‘शराब छोड़ो’ और ‘बेटी बचाओ’. हम बैलगाड़ी में सफर करते थे और खुले मैदान में भी नाटक करते थे. लोग जमीन पर बैठकर और छतों पर चढ़कर नाटक देखते थे. इस अनुभव ने मुझे एक बेहतर एक्ट्रेस बनने में बहुत मदद की.
छुट्टियों में भी करते थे नाटक
दिशा ने कहा- हमारी छुट्टियां भी नाटक करते हुए ही गुजरती थीं. मैं पापा की फेवरेट थी. एक बार मैंने होमवर्क नहीं किया तो टीचर ने डांटा. मैंने पापा से शिकायत की, तो उन्होंने टीचर को पत्र लिखा. उसके बाद टीचर ने कभी मुझसे होमवर्क नहीं मांगा.
भीम वकानी गुजराती सिनेमा के साथ-साथ बॉलीवुड का भी बड़ा नाम रहे हैं. उन्होंने आमिर खान की फिल्म लगान में सपोर्टिंग रोल किया था. वो शाहरुख संग स्वदेश और माधुरी दीक्षित की फिल्म लज्जा में भी नजर आए थे. उन्होंने अपनी बेटी के हिट शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में भी एपिसोड्स किए हैं.
तारक मेहता का उल्टा चश्मा के प्रोड्यूसर असित मोदी और एक्टर दिलीप जोशी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है. असित ने भीम वकानी को परिवार का हिस्सा बताया तो वहीं दिलीप ने कहा कि दिशा को एक्टिंग फील्ड में लाने वाले वही थे. उनकी याद आएगी.
aajtak.in