नेहा पेंडसे टीवी की दुनिया का जाना-माना नाम हैं. हिंदी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के साथ वो मराठी सिनेमा भी काफी फेमस हैं. नेहा ने अब एक शॉकिंग इंसीडेंट के बारे में बताया है, जिसे सुनकर फैंस भी दंग रह गए.
Hauterrfly संग बातचीत में नेहा पेंडसे ने बताया कि मुंबई में उनके साथ एक बेहद घटिया हरकत हुई थी. एक्ट्रेस ने कहा कि एक दिन वो सुबह-सुबह मुंबई की सड़क पर जॉगिंग करने निकली थीं, तब सामने से आ रहे एक आदमी ने उनके आगे कार रोकी और वो उनसे रास्ता पूछने लगा था.
मगर शोर होने की वजह से नेहा को दूर से उस आदमी की आवाज ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी, इसलिए वो उसकी कार के थोड़ा करीब चली गईं, ताकि उसकी बात सुनकर मदद कर सकें.
लेकिन उस आदमी ने उन्हें अचानक पकड़ लिया और इससे पहले कि वो कुछ समझ पातीं, वो अपनी कार चलाने लगा. नेहा ने बताया कि उनके उस पल होश उड़ गए थे. वो सन्न रह गई थीं. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि दिनदहाड़े उनके साथ आखिर ऐसा कैसे हो सकता है.
यह सब इतना अचानक हुआ कि नेहा के लिए इसे समझ पाना मुश्किल था, लेकिन उन्होंने भी हार नहीं मानी, बल्कि खुद को बचाने के लिए पूरी सूझबूझ से काम लिया.
एक्ट्रेस ने तुरंत अपनी कार की चाबियां निकालीं और चाबी का रिमोट उस आदमी की कार पर जोर से दे मारा, जिसकी वजह से उस आदमी ने अचानक अपनी गाड़ी रोक दी.
अपनी जिंदगी के इस खौफनाक पल के बारे में बात करते हुए एक्ट्रेस बोलीं- मेरे हाथ में मेरी गाड़ी की चाबी थी. उस वक्त मेरे पास क्रूज गाड़ी थी. उसका इतना बड़ा सा ब्लॉक रिमोट होता है. मैंने वो उसकी गाड़ी पर जोर से दे मारा.
'रिमोट उस शख्स की गाड़ी पर पीछे के शीशे पर लगा. जब आवाज हुई तो उस शख्स ने जोर से ब्रेक मारा और मेरी तब हालत खराब हो गई. मुझे लगा अगर इसने गाड़ी रिवर्स ले ली और कुछ कर दिया तो मैं क्या करूंगी.'
'वो शख्स उस वक्त एक सेकंड के लिए रुका और अंदाजा लगाने लगा कि कार के पीछे का कांच टूटा नहीं है. ये देखकर फिर वो तेजी से निकल गया. लेकिन वो एक सेकंड मेरी जिंदगी का सबसे डरावना पल था.'
(All Photos: Instagram @nehhapendse)