टाइगर श्रॉफ-दिशा पाटनी स्टारर फिल्म 'बागी 2', 30 मार्च को रिलीज हो गई है. 'हीरोपंती' से अपने करियर की शुरुआत करने वाले टाइगर ने अभी तक 5 फिल्में की हैं और पांचों ही फिल्मों में उनका जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिला है.
उनके बॉलीवुड करियर को देखें तो हम ये कह सकते हैं कि वो फिल्म इंडस्ट्री के उभरते एक्शन हीरो हैं.
इससे पहले अक्षय कुमार को बॉलीवुड का एक्शन किंग कहा जाता था, लेकिन उन्होंने एक्शन के बाद कॉमेडी फिल्में करना शुरू कर दी थीं और अब तो वो सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म ज्यादा करते हैं.
80-90 के दशक में एक्शन हीरोज की अलग कैटेगरी होती थी. अक्षय, सुनील शेट्टी, अजय देवगन एक्शन हीरो के टाइटल के लिए आपस में लड़ते थे. इस लिस्ट में सनी देओल का नाम भी शुमार था.
पिछले कुछ सालों में एक्शन हीरो की परिभाषा बदल गई है. आज एक्शन हीरो को स्टंट करना होता है. जितना कठिन स्टंट होगा, उतना बेहतर एक्शन माना जाएगा.
आज एक्शन अवतार में टाइगर ही सटीक बैठते हैं. उनके उम्र के एक्टर्स की बात करें तो विद्युत जामवाल उन्हें चुनौती देते दिखते हैं. कमांडो में उन्होंने कमाल का एक्शन किया था.
'बागी 2' के साथ टाइगर के पास एक मौका है विद्युत से आगे बढ़ने का. खुद को एक्शन हीरो के रूप में फिट साबित करने का.