पूरे हफ्ते काम की थकावट के बाद क्या आप भी ओटीटी पर देखने के लिए कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं, जो दिमाग को एकदम फ्रेश कर दे? तो टेंशन मत लीजिए, जी5 की इन जबरदस्त फिल्मों और वेब सीरीज की लिस्ट को हमने खास आपके वीकेंड को एंटरटेनिंग बनाने के लिए ही तैयार किया है. आइए, हम आपको बताते हैं कि इस बार आपकी वॉचलिस्ट में क्या-क्या होना चाहिए जो आपके वीकेंड को बोरिंग ना होने दे.
1. द फाइनल कॉल (The Final Call)
यह एक सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर सीरीज है. इसकी कहानी मुंबई से सिडनी जाने वाली एक फ्लाइट की है. फ्लाइट का कैप्टन बीच आसमान में खुदकुशी करने का फैसला करता है. वो 250 पैसेंजर्स की जान दांव पर लगा देता है. इसके बाद एयरलाइन अधिकारी इस संकट से निपटने की कोशिश करते हैं.
क्यों देखें: हवाई जहाज के अंदर का तनाव आपको अंत तक बांधकर रखता है. अर्जुन रामपाल ने पायलट के रोल में बेहतरीन काम किया है.
कास्ट: अर्जुन रामपाल, नीरज काबी, साक्षी तंवर, जावेद जाफरी
IMDb रेटिंग: 7.1/10
2. फॉरबिडन लव (Forbidden Love)
यह चार अलग-अलग कहानियों का एक कलेक्शन है. इन्हें देश के चार राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशकों ने बनाया है. हर कहानी समाज में वर्जित माने जाने वाले प्यार और रिश्तों के डार्क साइड को दिखाती है. इसमें प्यार, धोखा और सस्पेंस का तड़का है.
क्यों देखें: अगर आपको छोटी और इंटेंस कहानियां पसंद हैं, तो यह बेहतरीन विकल्प है. इंसानी रिश्तों के उलझाव को इसमें बहुत ही अलग ढंग से पेश किया गया है.
कास्ट: अली फजल, पत्रलेखा, आदित्य सील,अहाना कुमरा और चंदन रॉय सान्याल
IMDb रेटिंग: 5.5/10
ब्लडी ब्रदर्स (Bloody Brothers)
यह कहानी जग्गी और दलेर नाम के दो भाइयों की है. एक रात दोनों भाइयों की कार से एक बुजुर्ग का एक्सीडेंट हो जाता है. पुलिस से बचने के लिए वो लाश को छिपा देते हैं. लेकिन इसके बाद उनकी जिंदगी में मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ता है. वो झूठ को छिपाने के लिए नए-नए झूठ बोलते जाते हैं और दलदल में फंसते चले जाते हैं.
क्यों देखें: यह एक बेहतरीन डार्क कॉमेडी थ्रिलर सीरीज है. जयदीप अहलावत और जीशान अय्यूब की जुगलबंदी कमाल की है. सीरीज में सस्पेंस के साथ-साथ मजेदार ट्विस्ट भी आते हैं.
कास्ट: जयदीप अहलावत, जीशान अय्यूब, श्रुति सेठ, टीना देसाई और सतीश कौशिक
IMDb रेटिंग: 6.3/10
4. सतलुज (Satluj)
यह फिल्म पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है. कहानी पंजाब में आतंकवाद के दौर की है. इसमें एक शख्स बिना डरे हजारों लापता लोगों और उनके परिवारों को इंसाफ दिलाने की लड़ाई लड़ता है.
क्यों देखें: यह सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म है. दिलजीत दोसांझ ने इस गंभीर किरदार को बहुत ही शिद्दत से निभाया है. यह इतिहास के एक अनछुए पहलू को सामने लाती है. इसकी कहानी सीधा आपके दिल को छू लेगी.
5. फोरेंसिक (Forensic)
मसूरी के शांत हिल स्टेशन में अचानक छोटी बच्चियां गायब होने लगती हैं. उनकी लाशें मिलने पर पुलिस ऑफिसर मेघा (राधिका आप्टे) केस संभालती हैं. उनकी मदद के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट जॉनी (विक्रांत मैसी) आते हैं. दोनों मिलकर सबूतों के आधार पर एक साइको किलर की तलाश करते हैं.
क्यों देखें: फिल्म में फोरेंसिक साइंस का इस्तेमाल बहुत अच्छे से दिखाया गया है. फिल्म के अंत में आने वाला ट्विस्ट आपको पूरी तरह चौंका देगा. इसे देखना एक अच्छा ऑप्शन रहेगा.
कास्ट: विक्रांत मैसी, राधिका आप्टे, प्राची देसाई और रोहित रॉय
IMDb रेटिंग: 6.3/10
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क