बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख आज थिएटर्स में अपनी सबसे बड़ी फिल्म 'राजा शिवाजी' लेकर आए हैं, जिसे उन्होंने खुद डायरेक्ट किया है. इसकी कहानी मराठा सम्राठ छत्रपति शिवाजी महाराज की है, जिन्होंने स्वराज के लिए मुगलों की नाक में दम कर दिया था. रितेश शिवाजी महाराज के रोल में हैं.
फिल्म राजा शिवाजी एक मल्टी-स्टारर फिल्म है, जिसमें बॉलीवुड और मराठी सिनेमा के मशहूर सितारे शामिल हैं. अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, फरदीन खान, विद्या बालन, बोमन ईरानी, महेश मांजरेकर समेत भाग्यश्री भी इस फिल्म में अहम रोल करती नजर आई हैं. रितेश की फिल्म में सुपरस्टार सलमान खान भी हैं, हालांकि वो इसमें कैमियो कर रहे हैं.
सलमान का धांसू कैमियो
रितेश देशमुख अपनी फिल्म की प्रमोशन के दौरान ये खुलासा पहले ही कर चुके हैं कि सलमान उनकी फिल्म में नजर आएंगे. हालांकि उन्होंने ये नहीं कंफर्म किया था कि उनका रोल क्या होगा. रिपोर्ट्स थीं कि सलमान छत्रपति शिवाजी महाराज के अंगरक्षक जिवा महाले की भूमिका निभा रहे हैं. अब चूंकि फिल्म थिएटर्स में लग गई है, तो उनका लुक भी सामने आ चुका है.
सोशल मीडिया पर अनगिनत यूजर्स ने राजा शिवाजी फिल्म से सलमान का लुक वायरल कर दिया है. इसमें हम सुपरस्टार को मूंछें और भगवे रंग की पगड़ी और कपड़ों में देख सकते हैं. साथ ही उनके माथे पर तिलक गया है, जो उन्हें पूरी तरह से जिवा महाले बनाता है. सलमान की एंट्री भी धांसू तरीके से होती है.
वो अपने राजा शिवाजी को दुश्मन से बचाने के लिए खुद आगे आ जाते हैं और उसे खत्म करते हैं. थिएटर में सलमान मराठी में अपना डायलॉग बोलते नजर आते हैं. उनके एक छोटे से सीन ने थिएटर्स को स्टेडियम में बदल डाला है. लोग उन्हें देखकर तालियां-सीटियां बजा रहे हैं. ये मोमेंट सोशल मीडिया पर फैंस को काफी पसंद आ रहा है.
कैसे राजा शिवाजी में शामिल हुए सलमान?
फिल्म राजा शिवाजी में सलमान ने जिद करके रितेश देशमुख से रोल मांगा है. खुद एक्टर ने भी इसका खुलासा किया है. रितेश ने बताया कि उनकी पिछली दो फिल्में 'लय भारी' और 'वेद' में सलमान थे. ऐसे में जब सुपरस्टार को ये पता चला कि राजा शिवाजी में उनका कोई रोल नहीं होने वाला, तो उन्होंने रितेश से जिद की और खुद को इसमें शामिल किया. रितेश ने इसे सलमान संग पुरानी दोस्ती, प्यार और अपनापन बताया.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क