रणबीर कपूर इन दिनों अपनी बड़ी फिल्म 'रामायणम्' को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं. फैंस को बेसब्री से इंतजार है कि वे पर्दे पर भगवान राम के रूप में कैसे नजर आएंगे. ताजा जानकारी के मुताबिक, रणबीर ने मुंबई में 'रामायण 2' के अगले शेड्यूल पर काम शुरू कर दिया है.
पिंकविला की एक खास रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि आने वाले कुछ महीनों तक रणबीर पूरी तरह से इस पौराणिक महाकाव्य की शूटिंग में व्यस्त रहने वाले हैं. भगवान राम की भूमिका को जीवंत करने के लिए रणबीर कड़ी मेहनत कर रहे हैं और अब इस फिल्म का काम और भी रफ्तार पकड़ चुका है.
लव एंड वॉर ने बदला प्लान
शुरुआती योजना के अनुसार, रणबीर कपूर मार्च के महीने में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' की शूटिंग शुरू करने वाले थे. हालांकि, भंसाली की हालिया स्वास्थ्य समस्याओं के कारण इस वॉर ड्रामा फिल्म का शेड्यूल आगे बढ़ा दिया गया है.
अब खबर है कि इस फिल्म का प्रोडक्शन मई 2026 के आसपास दोबारा शुरू होगा. इसी खाली समय का इस्तेमाल करते हुए रणबीर ने अपना पूरा ध्यान वापस 'रामायणम्' पर लगा दिया है, ताकि वह इस दौरान फिल्म के अहम हिस्सों को पूरा कर सकें.
रणबीर ने बदला अपना लुक
एक करीबी सूत्र ने जानकारी दी है कि रणबीर का लक्ष्य मार्च से मई के बीच फिल्म का एक बड़ा हिस्सा शूट करना है. फिलहाल, भगवान राम के किरदार के लिए उन्होंने अपना लुक भी बदल लिया है और वे क्लीन-शेव अवतार में नजर आ रहे हैं. यह लुक फिल्म की कहानी और विजुअल कंटिन्यूटी बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है. मेकर्स इस पार्ट को पहले भाग के मुकाबले कहीं ज्यादा भव्य बनाने की तैयारी में हैं और रणबीर का यह ट्रांसफॉर्मेशन उसी स्केल को पर्दे पर उतारने की एक कोशिश है.
सनी देओल भी करेंगे शूटिंग
वहीं 'रामायणम्' के इस शेड्यूल की सबसे खास बात यह है कि जल्द ही रणबीर के साथ सनी देओल भी सेट पर नजर आने वाले हैं. फिल्म में भगवान हनुमान का रोल निभा रहे सनी देओल के 20 मार्च के आसपास शूटिंग शुरू करने की उम्मीद है. यह शेड्यूल फिल्म की कहानी के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें भगवान राम और भगवान हनुमान के बीच के कई कॉम्बिनेशन सीन शूट किए जाएंगे.
कब रिलीज होगी फिल्म रामायणम्?
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आएंगी. फिल्म को नमित मल्होत्रा का बड़ा सपोर्ट मिल रहा है. जानकारी के मुताबिक, फिल्म के पहले पार्ट की शूटिंग पूरी हो चुकी है और मेकर्स इसे दिवाली 2026 के मौके पर बड़े पर्दे पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं. जबकि इसके दूसरे पार्ट को 2027 दिवाली पर रिलीज किया जाएगा.
aajtak.in