2 अप्रैल को रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' का टीजर रिलीज हुआ. इसके मेकर्स ने दर्शकों को रणबीर कपूर के भगवान राम रूप की पहली झलक दी. बढ़िया विजुअल, VFX और मर्यादा पुरषोत्तम राम के मोहक रूप में रणबीर कपूर ने तुरंत सोशल मीडिया पर ध्यान खींच लिया. पहली झलक ने सोशल मीडिया को पूरी तरह गर्मा दिया है. फैंस पिक्चर के सिनेमैटिक स्केल, विजुअल इफेक्ट्स से लेकर कास्टिंग चॉइसेज तक हर चीज पर जोर-शोर से चर्चा कर रहे हैं. इस ऑनलाइन चर्चा के बीच टीवी की 'ओरिजिनल सीता' यानी एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने टीजर पर अपना रिएक्शन दिया है.
ओरिजिनल सीता को पसंद आया टीजर
1987 में आई रामानंद सागर के टीवी शो 'रामायण' में देवी सीता के आइकॉनिक किरदार निभाकर दीपिका चिखलिया फेमस हुई थीं. उन्हें आज भी फैंस असली माता सीता मानते हैं. ऐसे में डायरेक्टर नितेश तिवारी की 'रामायण' पर उनकी राय सभी के लिए मायने रखती है. दीपिका ने इंडिया टुडे/आजतक से बात करते हुए प्रोड्यूसर नमिता मल्होत्रा की आने वाली फिल्म पर अपने विचार रखे. बातचीत के दौरान सीनियर एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें टीजर बहुत पसंद आया है और अब वे फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रही हैं.
दीपिका चिखलिया ने कहा, 'मैंने टीजर देखा और यह बहुत भव्य है. बहुत रिच लग रहा है. उन्होंने बहुत अच्छे से बनाया है. तो अब मैं फिल्म का इंतजार कर रही हूं और यह बहुत खूबसूरत लग रही है, इसमें कोई शक नहीं है.'
पहले किया था विरोध
दीपिका की बात सुनकर लगता है कि उन्होंने अपना मन बदल लिया है. जून 2024 में उन्होंने इंडिया टुडे/आजतक से रणबीर कपूर की 'रामायण' को लेकर बात की थी. तब एक्ट्रेस ने कहा था, 'ईमानदारी से कहूं तो मैं उन लोगों से काफी निराश हूं जो बार-बार रामायण बना रहे हैं, क्योंकि मुझे लगता है कि इसे बनाना नहीं चाहिए. लोग इसे गड़बड़ कर रहे हैं. मुझे नहीं लगता कि लोगों को रामायण बार-बार बनानी चाहिए, क्योंकि हर बार जब वे इसे बनाते हैं, तो कुछ नया लाना चाहते हैं. नई कहानी, नया एंगल, नया लुक.' दीपिका ने उसी इंटरव्यू में ओम राउत की फिल्म ‘आदिपुरुष’ की भी आलोचना की थी.
एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया को 1980 के दशक में सीरियल 'रामायण' में देखा गया था. उन्होंने इसमें मां सीता का रोल निभाकर अपार लोकप्रियता पाई थी. यह शो आज भी भारतीय टेलीविजन के सबसे आइकॉनिक शोज में से एक माना जाता है. उनके निभाए सीता के रोल ने दर्शकों के दिलों में गहरी जगह बनाई थी. लोगों ने उन्हें पूजना शुरू कर दिया था. आज कई साल बाद भी लोग उन्हें मां सीता के रूप में प्यार करते हैं.
दिलचस्प बात ये हैं कि दीपिका चिखलिया संग टीवी शो 'रामायण' में भगवान राम बने एक्टर अरुण गोविल, फिल्म 'रामायण' का हिस्सा हैं. उन्होंने इस पिक्चर में राम के पिता राजा दशरथ का रोल निभाया है. नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और सनी देओल को लीड रोल्स में देखा जाएगा. यह पौराणिक महाकाव्य 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है. फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज होगा.
aajtak.in