समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के कन्नौज में इंडिया ब्लॉक के बैनर तल मेगा रैली की. सपा की इस रैली में इंडिया ब्लॉक के कई बड़े नेताओं ने शिरकत की और केंद्र सरकार पर निशाना साधा. जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. कांग्रेस नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन का तूफान आ रहा है, बीजेपी की देश में सबसे बड़ी हार यूपी में होने जा रही है, आप लोग लिखकर ले लो.
राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक की रैली में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कन्नौज में अखिलेश यादव की जीत होने जा रही है. यूपी में इंडिया गठबंधन का तूफान आने वाला है. बीजेपी की देश में सबसे बड़ी हार यूपी में होने जा रही है, आप लोग लिखकर ले लो. उत्तर प्रदेश ने अपना मन बना लिया है कि यहां बदलाव लाना है, भारत में बदलाव लाना है और इसलिए निर्णय लिया गया है. जनता ने अपना मन बना लिया है.
'10 साल में कभी नहीं लिया अडानी-अंबानी का नाम'
कांग्रेस सांसद और वायनाड और रायबरेली से कांग्रेस के उम्मीदवार राहुल गांधी ने कहा, '10 साल में नरेंद्र मोदी ने कभी अडानी और अंबानी का नाम नहीं लिया. जब कोई व्यक्ति डर जाता है तो वह उन लोगों का नाम लेता है जिनके बारे में उसे लगता है कि वे उसे बचा सकते हैं. तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो मित्रों का नाम लिया और कहा कि मुझे बचा लो, इंडिया गठबंधन ने मुझे घेर लिया है, मैं हार रहा हूं. अडानी-अंबानी, मुझे बचा लो. इसीलिए उन्होंने उनका नाम लिया है. उन्हें यह भी मालूम है कि अडानी कौन-से टेंपो में कैसे पैसा भेजते हैं.
'नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के PM नहीं बनेंगे, लिखवाकर ले लो'
उन्होंने कहा कि अब भाजपा, नरेंद्र मोदी और अमित शाह आपका ध्यान भटकाने का प्रयास करेंगे. चुनाव में अब 10 -15 दिन बचे हैं. मगर एक बात की गारंटी लिखकर ले लो. इंडिया गठबंधन ने जो काम किया था, हम सभी ने मिलकर पिछले 2 साल से भारत जोड़ो यात्रा से नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली, आप लोग मुझसे लिखवाकर ले लो, नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे.
'हर कीमत पर संविधान की रक्षा करेंगे'
उन्होंने आगे कहा कि संविधान ने देश के दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, किसानों, गरीबों, छोटे व्यापारियों को अधिकार दिए हैं. ये गांधी जी और बाबा साहेब अंबेडकर की देन है. लेकिन BJP-RSS इसे खत्म करना चाहते हैं. इसलिए हमने ठान लिया है कि हर कीमत पर संविधान की रक्षा करेंगे. हिंदुस्तान के संविधान को दुनिया की कोई भी शक्ति खत्म नहीं कर सकती है. इसी दौरान कन्नौज से सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव ने कहा कि BJP की हार होने में केवल 4 चरण बाकी हैं. इन चरणों के बाद वह पूरी तरह सत्ता से चले जाएंगे.
aajtak.in