उत्तर प्रदेश की राजनीति का सबसे बड़ा मंच आज लखनऊ में सजा है. विधानसभा चुनाव 2027 से पहले 'पंचायत आज तक' में प्रदेश की सियासत के तमाम बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आएंगे. इस खास कार्यक्रम में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता आजतक और जनता के सवालों का सामना करेंगे और आने वाले चुनावों को लेकर अपनी रणनीति और विजन पेश करेंगे.
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सत्र 'हैट्रिक लगाएंगे योगी' से होगी. इस दौरान योगी सरकार के कामकाज, कानून व्यवस्था, विकास और 2027 के चुनावी रोडमैप पर चर्चा होगी. इसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम अपने-अपने दल का पक्ष रखेंगे.
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर तमाम खबरें यहां पढ़ें
कार्यक्रम में धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी. अखिल भारतीय संत समिति के महासचिव स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, महंत राजू दास, स्वामी करपात्री जी और महंत धर्म दास राम मंदिर, सनातन और प्रदेश की राजनीति पर अपने विचार रखेंगे. इसके अलावा अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन भी खास सत्र में शामिल होंगे.
दोपहर बाद निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री डॉ. संजय निषाद, एसबीएसपी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव भी मंच पर अपनी बात रखेंगे.
कार्यक्रम के अंतिम सत्रों में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे. वे सरकार की उपलब्धियों, सामाजिक समीकरणों और 2027 के चुनावी एजेंडे पर अपनी बात रखेंगे.
'पंचायत आज तक' सिर्फ नेताओं के भाषण का मंच नहीं होगा, बल्कि यहां जनता के सवालों का सीधा जवाब भी मिलेगा. उत्तर प्रदेश की राजनीति किस दिशा में बढ़ रही है, 2027 का चुनाव किन मुद्दों पर लड़ा जाएगा और सत्ता-विपक्ष की रणनीति क्या होगी, इसकी तस्वीर आज इस मंच से काफी हद तक साफ होती नजर आएगी.
aajtak.in