...और क‍ितनी बार 'सफाई' दोगे आप? NEET री-एग्जाम से पहले ही NTA का सर्वर फुस्स, अबकी दी ये सफाई

नीट 2026 परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी होने के बाद छात्रों को डाउनलोड में तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. एनटीए ने बताया कि सर्वर पर भारी लोड और 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन के कारण समस्या आ रही है. एजेंसी ने आश्वासन दिया है कि तकनीकी टीमें समस्या को जल्द हल करेंगी ताकि सभी छात्र बिना परेशानी के अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकें.

Advertisement

सृष्टि ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 1:44 PM IST

आगामी 21 जून 2026 को होने जा रही नीट (UG) परीक्षा को लेकर छात्रों का तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा के एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव तो कर दिए, लेकिन इसके तुरंत बाद ही देश भर के हजारों छात्रों के सामने एक नई मुसीबत खड़ी हो गई. एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के दौरान छात्रों को भारी तकनीकी दिक्कतों (टेक्न‍िकल ग्ल‍िच) और सर्वर क्रैश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे परीक्षा से ठीक पहले अभ्यर्थियों की धड़कनें बढ़ गई हैं.

Advertisement

हालांकि, इस पूरे मामले पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) का आधिकारिक बयान सामने आ गया है. एजेंसी ने माना है कि सर्वर पर अत्यधिक लोड होने के कारण कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिन्हें दूर करने के लिए उनकी टीमें लगातार काम कर रही हैं. आइए जानते हैं क्या है छात्रों की परेशानी की असली वजह और एनटीए ने छात्रों को क्या भरोसा दिलाया है.

4 लाख छात्रों ने डाउनलोड किए एडमिट कार्ड, लेकिन पेंच कहां फंसा?
एनटीए के मुताबिक, एडमिट कार्ड लाइव होने के बाद से अब तक करीब 4 लाख उम्मीदवार सफलतापूर्वक अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर चुके हैं. लेकिन असली समस्या उन छात्रों के साथ आ रही है जो लॉगिन करने की कोशिश कर रहे हैं और स्क्रीन पर 'सर्वर एरर' या 'पेज नॉट रेस्पोंडिंग' का मैसेज आ रहा है.

Advertisement

इस बार एनटीए ने छात्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए लॉगिन प्रक्रिया में 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2-Factor Authentication) लागू किया है. इसके तहत छात्रों को लॉगिन करने के बाद रीफंड (Refund) के लिए अपने बैंक अकाउंट की डिटेल्स को वेरिफाई करना पड़ रहा है. इस अतिरिक्त सुरक्षा लेयर और एक साथ लाखों छात्रों के वेबसाइट पर आने के कारण सर्वर का ट्रैफिक जाम हो गया.

एनटीए (NTA) ने दी सफाई
तकनीकी दिक्कतों पर उठ रहे सवालों के बीच एनटीए ने स्थिति स्पष्ट की है. एजेंसी का कहना है कि लॉगिन के बाद टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन के जरिए बैंक अकाउंट डिटेल्स को वेरिफाई करने की जो व्यवस्था जोड़ी गई है, वह पूरी तरह से छात्रों के हित में है, ताकि रीफंड की प्रक्रिया सुरक्षित और सीधे छात्र के खाते में हो सके.

एनटीए ने आगे कहा कि हम इस बात से पूरी तरह वाकिफ हैं कि कुछ छात्रों को एडमिट कार्ड एक्सेस करने में तकनीकी दिक्कतों और सर्वर इश्यू का सामना करना पड़ रहा है. सर्वर पर इस वक्त भारी लोड है, लेकिन हमारी टेक्निकल टीमें इन सभी समस्याओं को सुलझाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही हैं. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि बहुत जल्द सभी उम्मीदवार बिना किसी परेशानी के अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकें.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »