बिहार में दरोगा भर्ती को लेकर एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने 1799 दरोगा पदों के लिए आयोजित की गई मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है. यह परीक्षा 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की गई थी. परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और संदिग्ध चयन के आरोप लग रहे थे, जिसके खिलाफ अभ्यर्थी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. देखें... पटना के गर्दनीबाग इलाके में अभ्यर्थियों ने इस धांधली के खिलाफ धरना प्रदर्शन भी किया था. अभ्यर्थियों की मांग थी कि परीक्षा में अनियमितताओं की जांच की जाए और इसे रद्द किया जाए. छात्रों के लगातार बढ़ते दबाव और आक्रोश को देखते हुए बिहार सरकार और पुलिस अवर सेवा आयोग ने मामले का संज्ञान लिया और आखिरकार परीक्षा को रद्द करने का एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया. आयोग द्वारा जारी संक्षिप्त प्रेस नोट के अनुसार, अपरिहार्य कारणों से 27 मई को हुई इस मेन्स परीक्षा को निरस्त किया गया है. हालांकि, इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है जो परीक्षा में धांधली की शिकायत कर रहे थे. ध्यान देने वाली बात यह है कि केवल मुख्य (मेन्स) लिखित परीक्षा को ही रद्द किया गया है, जबकि प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का परिणाम सुरक्षित रहेगा. पीटी परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों को मेन्स परीक्षा में शामिल होने का एक और मौका मिलेगा. आयोग जल्द ही इस परीक्षा के दोबारा आयोजन और आगे की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी साझा करेगा.