पाटलिपुत्र स्टेशन पर देर रात हुए हंगामे और परीक्षा समाप्त होने के बाद बढ़ी भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर रेलमंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही पदों की लिखित प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ा दी गई है.
पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने निर्णय लिया है कि 14 जून 2026 को विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से पाटलिपुत्र के लिए अतिरिक्त परीक्षा विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा. इस व्यवस्था के तहत पूर्णिया से भी एक विशेष ट्रेन चलाने की योजना बनाई गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को वापसी में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े.
रेलवे प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के बाद स्टेशनों पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह कदम भीड़ प्रबंधन और यात्री सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है. साथ ही आम यात्रियों को भी असुविधा से बचाने के लिए ट्रेनों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर और भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा सकता है.
वहीं रेल प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट के साथ यात्रा करें. साथ ही रेलवे द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. इन परीक्षा विशेष ट्रेनों के परिचालन से अभ्यर्थियों को पटना पहुंचने में अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी व नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होगा.
परीक्षा विशेष ट्रेनों का विवरण निम्नानुसार है—
1. बेतिया–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष : बेतिया से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान कर बापूधाम मोतिहारी एवं मुजफ्फरपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी.
2. बेतिया–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष : बेतिया से सायं 18:00 बजे प्रस्थान कर बापूधाम मोतिहारी एवं मुजफ्फरपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी.
3. मधुबनी–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष : मधुबनी से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान कर दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर एवं हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी.
4. मुजफ्फरपुर–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष : मुजफ्फरपुर से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान कर पाटलिपुत्र पहुंचेगी.
5. मुजफ्फरपुर–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष : मुजफ्फरपुर से सायं 18:00 बजे प्रस्थान कर पाटलिपुत्र पहुंचेगी.
6. पूर्णिया कोर्ट–पाटलिपुत्र परीक्षा विशेष : पूर्णिया कोर्ट से सायं 18:00 बजे प्रस्थान कर दौराम मधेपुरा, सहरसा एवं खगड़िया होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी.
जहांगीर आलम