USA-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष दिन-व-दिन भीषण होता जा रहा है. इसी बीच ईरान अमेरिका और इजरायली सैनिकों पर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. अधिकारियों ने बताया कि तेहरान के नीलोफर स्क्वायर इलाके में अमेरिकी-इजरायली हमले में 20 ईरानी नागरिकों की मौत हो गई. वहीं, अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां लगातार नागरिक मौतों पर चिंता जता रही हैं, लेकिन जमीनी हालात और भी गंभीर होते जा रहे हैं.
अमेरिकी-इजरायली हमलों की जानकारी देते हुए ईरानी अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह अमेरिकी और इजरायली सेना ने नीलोफर स्क्वायर पड़ोस पर भीषण हमला किया, जिसमें 20 निर्दोष ईरानी नागरिक मारे गए हैं.
नीलोफर स्क्वायर हमले से जुड़ा एक वीडियो ईरानी मीडिया प्रेस टीवी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया है. जिसमें भीषण तबाही नजर आ रही है. वीडियो में एक इमारत पूरी तरह ध्वस्त दिख रही है, जिसमें वाहन मलबे में दबे दिखाई दे रहे हैं.
प्राथमिक स्कूल पर हमला
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, इसे पहले शनिवार को इजरायली सेना ने एक प्राथमिक स्कूल को निशाना बनाया, जहां भारी तबाही हुई. इस हमले में 168 बच्चे मारे गए थे.
बीबीसी की जांच में सामने आया है कि हमलों में केवल सैन्य ठिकाने ही नहीं बल्कि नागरिक सुविधाएं भी तबाह हो रही हैं. अस्पताल और खेल केंद्रों जैसी जगहों पर बमबारी से आम जनता में दहशत का माहौल है. यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल ऐतिहासिक स्थलों को भी इस गोलाबारी में नुकसान हो रहा है.
अब तक 1,168 नागरिकों की मौत
वहीं, अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी (एचआरएएनए) की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान में अब तक कुल 1,168 नागरिक मारे जा चुके हैं, जिनमें 194 बच्चे शामिल हैं.
एचआरएएनए ने कहा कि ये आंकड़े न्यूनतम हैं और सैकड़ों अन्य मौतों की जांच चल रही है. पहले की रिपोर्टों में ये संख्या 1,097 बताई गई थी, लेकिन हालिया अपडेट में ये बढ़कर 1,168 हो गई है.
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस्माइल बघाई ने सोशल मीडिया पर स्कूल की ध्वस्त क्लासरूम की फुटेज साझा की, जिसमें हमले की भयावहता दिखाई दे रही है.
9 दिन से जारी है संघर्ष
आपको बता दें कि अरेमिका-इजरायल और ईरान के बीच पिछले 9 दिनों से संघर्ष जारी है. अमेरिका-इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था. इसके जवाब में ईरान ने मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है, जिससे पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है.
aajtak.in