कनाडा में 12 करोड़ रुपये के गांजे की चोरी, 5 भारतीय मूल के युवक गिरफ्तार

भारतीय मूल के इन पांच आरोपियों पर चोरी, हथियार रखने और अन्य आपराधिक धाराओं सहित कुल 33 आरोप लगाए गए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है.

Advertisement
कैनेबिस उत्पादों की डिलीवरी कई डिस्पेंसरी तक की जानी थी. (Photo-Toronto Police) कैनेबिस उत्पादों की डिलीवरी कई डिस्पेंसरी तक की जानी थी. (Photo-Toronto Police)

हुमरा असद

  • टोरंटो,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:26 AM IST

कनाडा के ओंटारियो प्रांत में 20 लाख डॉलर (करीब 12 करोड़ रुपये) से ज्यादा कीमत वाले गांजे (cannabis products) की चोरी के मामले में भारतीय मूल के पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध हथियार भी बरामद किए हैं. मामले की जांच यॉर्क क्षेत्रीय पुलिस कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, चोरी किया गया ट्रेलर नायग्रा रीजन से लापता हुआ था. ट्रेलर में बड़ी मात्रा में कानूनी कैनबिस उत्पाद भरे हुए थे, जिन्हें ओंटारियो की कई लाइसेंस प्राप्त डिस्पेंसरी तक पहुंचाया जाना था. हालांकि डिलीवरी से पहले ही ट्रेलर चोरी हो गया. बता दें कि कनाडा में गांजे का सेवन या बिक्री लीगल है.

Advertisement

मामला 15 अप्रैल का है, जब पुलिस अधिकारियों को मिसिसॉगा के मैकलॉफलिन रोड और हाईवे 401 के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली. जांच के दौरान अधिकारियों को चोरी हुआ ट्रेलर मिल गया. इसके कुछ समय बाद पुलिस ने ट्रेलर से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया. तलाशी अभियान में दो हथियार भी बरामद किए गए, जिनके बारे में पुलिस का कहना है कि वे अवैध रूप से रखे गए थे.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय मनवीर सिंह, 32 वर्षीय सरबजीत सिंह, 21 वर्षीय दिलखाब सिंह, 23 वर्षीय जैस्कावन मल्ही और 25 वर्षीय करण कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, करण कुमार हैमिल्टन का निवासी है, जबकि बाकी चार आरोपी ब्रैम्पटन से हैं.

इन सभी आरोपियों पर चोरी, चोरी की संपत्ति रखने, हथियार रखने, प्रतिबंधित हथियार रखने और अन्य आपराधिक धाराओं सहित कुल 33 आरोप लगाए गए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है.

Advertisement

अधिकारियों को शक है कि इस मामले में और भी लोग जुड़े हो सकते हैं. पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास इस मामले से जुड़ी जानकारी हो तो वह सीधे पुलिस या क्राइम स्टॉपर्स को गुप्त रूप से सूचना दे सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement