जहां सजती थी शादी की महफिल, वहां बना घुसपैठियों का 'होल्डिंग सेंटर, मुर्शिदाबाद से आजतक की ग्राउंड रिपोर्ट

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में अवैध बांग्लादेशियों को रखने के लिए एक तीन मंजिला भवन में होल्डिंग सेंटर बनाया गया है. यहां पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों के लिए भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई है.

Advertisement
 जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों को बाद में बीएसएफ को सौंप दिया जाएगा.  (Photo: ITG) जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों को बाद में बीएसएफ को सौंप दिया जाएगा. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • मुर्शिदाबाद,
  • 26 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:58 PM IST

पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद का लाल गोला इलाका बांग्लादेश बॉर्डर से 10-12 किमी की दूरी पर स्थित है. यहां सुवेंदु अधिकारी की सरकार बनने के बाद होल्डिंग सेंटर बनाया गया है. यह वही जगह है जहां पर अवैध बांग्लादेशियों को रखा जाएगा. लाल गोला स्थित तीन मंजिला 'पद्मा भवन' इमारत के सबसे ऊपरी तल पर यह होल्डिंग सेंटर बनाया गया है.

Advertisement

लगभग 60x40 के हॉल जो कभी शादी के कार्यक्रमों में इस्तेमाल होता था, अब वहां अवैध बांग्लादेशियों को रखा जाएगा और यहां से उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा.

यहां जब आजतक की टीम पहुंची तो देखा कि 'पद्मा भवन' पर बंगाल पुलिस की टीम मौजूद थी. साथ ही एक मेडिकल टीम भी थी. एक डॉक्टर और कुछ स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे. एक शख्स को पुलिस ने पकड़ा, जिस पर अवैध बांग्लादेशी होने का आरोप है.

यह भी पढ़ें: आसनसोल: अतिक्रमण पर बुलडोजर एक्शन जारी, TMC-लेफ्ट के दफ्तर समेत अवैध पार्किंग जमींदोज

जब हमने उससे बांग्ला में सवाल पूछा तो उसने बताया कि मैं एक साल पहले बांग्लादेश से भारत आया था और यहां शादी भी की है. मेरा नाम मोहम्मद शहीदुल इस्लाम है. वह बांग्लादेश के शिवगंज कालीपुर का रहने वाला है और शुति इलाके में रेखा से शादी की थी और यहीं बस गया.

Advertisement

इसी तरह होल्डिंग सेंटर में अलग-अलग इलाकों से अवैध बांग्लादेशी पकड़कर लाए जा रहे हैं. अब तक इस सेंटर पर 7 बांग्लादेशी  पकड़कर लाए गए है.

यहां इन्हें 4 टाइम का खाना,  टिफिन में खाना दिया जा रहा है. पीने के पानी की व्यवस्था है और अन्दर ही टॉयलेट भी है.

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, गिरफ्तार किए गए इन बांग्लादेशी नागरिकों को बाद में बीएसएफ को सौंप दिया जाएगा. इसके बाद, नागरिकता सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने पर, उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की व्यवस्था की जाएगी.

गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने निर्देश दिया है कि अवैध घुसपैठियों के मामले में मात्र गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है. इसके बजाय, गिरफ्तार विदेशी नागरिकों को तुरंत बीएसएफ को सौंप दिया जाए और उन्हें उनके अपने देशों में वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाए. इस संबंध में प्रत्येक हफ्ते मुख्यमंत्री कार्यालय को एक रिपोर्ट भेजी जानी चाहिए.

बता दें, कि पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठियों की पहचान करने के उद्देश्य से लागू की गई (डिटेक्ट, डिलीट, एंड डिपोर्ट) नीति के लागू होने के महज़ 48 घंटों के भीतर ही, मुर्शिदाबाद ज़िला प्रशासन ने पहला बड़ा कदम उठाया है. मुर्शिदाबाद में अभी लालगोला और भगवानगोला सीमा चौकियों के पास होल्डिंग सेंटर बनाए गए हैं.

Advertisement

जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में से दो को लालगोला सीमा क्षेत्र से पकड़ा गया, जबकि एक को भगवानगोला क्षेत्र से हिरासत में लिया गया. पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद, उन्हें सीधे लालगोला स्थित 'पद्मा भवन' की तीसरी मंज़िल पर बनाए गए विशेष होल्डिंग सेंटर में ले जाया गया. उन्हें फ़िलहाल वहां कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच रखा गया है.

अवैध रूप से प्रवेश करने वालों बांग्लादेशी पर होगी कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि जो बांग्लादेशी नागरिक और रोहिंग्या अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर चुके हैं, उन्हें इन सेंटरों में अस्थायी रूप से रखा जाएगा. अगर वे सत्यापन के बाद अपनी नागरिकता साबित करने वाले वैध दस्तावेज़ पेश करने में विफल रहते हैं, तो उनके ख़िलाफ़ आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासनिक हलकों का अनुमान है कि इस पूरी प्रक्रिया को पूरा होने में लगभग 30 दिन का समय लग सकता है.

सूत्रों के अनुसार, पिछले 48 घंटों में, चापाइनवाबगंज और राजशाही के रहने वाले तीन लोगों को भी पुलिस ने तब पकड़ा, जब वे मुर्शिदाबाद में लालगोला और भगवानगोला सीमा चौकियों से अवैध रूप से भारत में घुसने के बाद भागने की कोशिश कर रहे थे.

ज़िला प्रशासन के सूत्रों ने पकड़े गए लोगों में से दो की पहचान राजू शेख और नाइद शेख के रूप में की है. उनके घर चापाइनवाबगंज और राजशाही ज़िलों में हैं. 

Advertisement

तीसरा व्यक्ति, जिसे भगवानगोला इलाके में पकड़ा गया था, वह भी चापाइनवाबगंज का ही रहने वाला है. प्रशासन के शुरुआती आकलन के अनुसार, पकड़े गए लोग एक तस्करी गिरोह से जुड़े हैं.

ज़िला प्रशासन के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए, इन तीनों लोगों को फिलहाल लालगोला में स्थित 'पद्मा भवन' में बने होल्डिंग सेंटर में रखा गया है. बताया गया है कि सोमवार से, मुर्शिदाबाद ज़िले के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों, जिनमें लालगोला, भगवानगोला और सूती शामिल हैं, वहां से बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में पकड़े गए लोगों को भी इसी केंद्र में लाया जाएगा.

प्रशासनिक सूत्रों से पता चला है कि अब तक कुल 7 लोगों को इस होल्डिंग सेंटर में लाया जा चुका है. फिलहाल, जलांगी इलाके से सात और लोगों को यहां लाने की तैयारियां चल रही हैं. पूरे परिसर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा तैनात की गई है. इसके अलावा, होल्डिंग सेंटर में पहुंचने पर, प्रत्येक व्यक्ति की चिकित्सकीय जांच की जा रही है. 

बताया गया है कि स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी नियमित रूप से ये स्वास्थ्य जांच कर रहे हैं. इसके अलावा यहां रसोइया भी रखा गया है जो सबके भोजन का इंतज़ाम कर रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement