उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया. शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने कई जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए.
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने जमीन कब्जा, दबंगों द्वारा धमकी, पुलिस कार्रवाई में ढिलाई और इलाज के लिए आर्थिक मदद जैसी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं. खासतौर पर कमजोर वर्ग के लोगों ने कुछ दबंगों द्वारा डराने-धमकाने की शिकायत की, जिस पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया.
सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अगर कोई आरोपी जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमकाता है, तो उसकी जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू करें.
यह भी पढ़ें: हरीश राणा के परिवार को CM योगी आदित्यनाथ के आदेश पर आर्थिक मदद, परिवार को 2.50 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज कायम रखना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पीड़ित को न्याय मिले और किसी के साथ भेदभाव न हो.
गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए उनके निस्तारण के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान समय पर किया जाए.
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे. साथ ही जमीन कब्जाने वाले भू माफियाओं और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर भी पहुंचे थे. इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने कहा कि जैसे ही अस्पताल से इलाज का अनुमानित खर्च (एस्टीमेट) मिलेगा, सरकार तत्काल आर्थिक मदद करेगी.
इस दौरान एक भावुक पहलू भी देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ने अपने परिजनों के साथ आए बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया.
समर्थ श्रीवास्तव