वाराणसी... जहां हर साल लाखों श्रद्धालु और हजारों विदेशी पर्यटक आध्यात्मिक शांति की तलाश में पहुंचते हैं. लेकिन पिछले कुछ दिनों से शहर की गलियों में घूम रहा एक इटालियन पर्यटक शांति नहीं, बल्कि हंगामे की वजह बन गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह विदेशी नागरिक कभी अचानक किसी के घर में घुस जाता, सामान इधर-उधर फेंकने लगता और घरवालों से बहस करने लगता.
कई बार राह चलते लोगों से भी उसकी कहासुनी हो जाती. कुछ लोगों का आरोप है कि वह खाने-पीने का सामान भी छीनकर खाने की कोशिश करता था. इन घटनाओं से मोहल्लों में दहशत और नाराजगी दोनों बढ़ने लगी. इसी बीच सोशल मीडिया पर उसके कई वीडियो वायरल हो गए. एक वीडियो में कुछ लोग उसकी पिटाई करते नजर आते हैं.
यहां देखें Video
दूसरे वीडियो में वह बीच सड़क पर उछल-कूद करता दिखाई देता है. एक अन्य वीडियो में पुलिस चौकी पर बैठा हुआ है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. इन वीडियो के सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया.
हालांकि, यह पहला मौका नहीं था. इससे पहले 16 जुलाई को भी कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर इलाके में इसी विदेशी पर्यटक ने कथित तौर पर लोगों के घरों में घुसकर सामान फेंका था और स्थानीय लोगों से अभद्र व्यवहार किया था. उस समय भी लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी. पुलिस को उसे कंट्रोल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था.
यह भी पढ़ें: राजस्थान की पहाड़ी पर पहुंचा विदेशी पर्यटकों का जत्था, कचरा प्लास्टिक देखी तो करने लगे सफाई, दिया ये खास मैसेज
लेकिन इलाज के बाद भी उसकी गतिविधियों में कोई खास बदलाव नहीं दिखा. कुछ दिन बाद फिर से आदमपुर थाना क्षेत्र में उसके उत्पात और अजीब हरकतों के वीडियो सामने आए. इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
पुलिस के मुताबिक, विदेशी नागरिक की पहचान इटली निवासी फेबियो के रूप में हुई है. उसकी स्थिति सामान्य नहीं लगने पर उसे हिरासत में लेकर मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, ताकि विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी जांच और इलाज कर सकें.
कोतवाली सर्किल के एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में इस विदेशी नागरिक के लोगों से विवाद करने और उत्पात मचाने की शिकायतें मिल रही थीं. वायरल वीडियो का भी संज्ञान लिया गया. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एसीपी ने बताया कि चूंकि मामला एक विदेशी नागरिक से जुड़ा है, इसलिए उसके देश के दूतावास से भी संपर्क किया गया है. उसे जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वापस इटली भेजने की तैयारी की जा रही है. साथ ही मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई भी जारी है.
रोशन जायसवाल