बोटिंग के दौरान उड़े पर्यटकों के होश! अचानक नाव की तरफ आने लगा बाघ; रोंगटे खड़े कर देगा वीडियो

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के शारदा सागर डैम में बोटिंग के दौरान एक बाघ पर्यटकों की नाव की ओर बढ़ने लगा, जिससे परिवार में दहशत फैल गई. शेरपुर निवासी सलमान खान ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. हालांकि बाघ कुछ दूरी तक आने के बाद वापस लौट गया और कोई नुकसान नहीं हुआ. वन विभाग के अनुसार यह संभवतः 'मॉक चार्ज' था.

Advertisement
अचानक सामने आ गया बाघ. Photo ITG अचानक सामने आ गया बाघ. Photo ITG

सौरभ पांडे

  • पीलीभीत,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:46 AM IST

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) में बोटिंग के दौरान पर्यटकों के सामने उस समय रोमांचक और डरावनी स्थिति पैदा हो गई, जब एक बाघ पानी में उतरकर उनकी नाव की दिशा में बढ़ने लगा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

जानकारी के अनुसार, शेरपुर कस्बे के निवासी सलमान खान अपने परिवार के साथ बीते शुक्रवार को पीलीभीत टाइगर रिजर्व घूमने पहुंचे थे. परिवार ने पहले जंगल सफारी का आनंद लिया और बाद में चूका क्षेत्र स्थित शारदा सागर डैम में बोटिंग करने पहुंचा. इसी दौरान उनकी नजर डैम के किनारे मौजूद एक बाघ पर पड़ी.

Advertisement

अचानक बाघ पानी में उतर गया
परिवार के सदस्य बाघ को देखकर उत्साहित हो गए और उसका वीडियो बनाने लगे. तभी अचानक बाघ पानी में उतर गया और नाव की दिशा में बढ़ने लगा. वीडियो में बाघ को पानी चीरते हुए पर्यटकों की नाव की ओर आते देखा जा सकता है. यह नजारा देखकर नाव में सवार लोगों के होश उड़ गए. एक तरफ सामने बाघ था तो दूसरी ओर डैम का गहरा पानी, जिससे परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई.

पर्यटक सलमान खान ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बोटिंग कर रहे थे, तभी बाघ दिखाई दिया. उन्होंने कहा, 'हम लोग बाघ का वीडियो बना रहे थे. अचानक वह पानी में उतरकर हमारी तरफ बढ़ने लगा. हम सभी काफी डर गए थे.' हालांकि कुछ दूरी तक आने के बाद बाघ वापस लौट गया और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.

Advertisement

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बाघों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह संभवतः 'मॉक चार्ज' की स्थिति थी, जिसमें बाघ चेतावनी देने के लिए आगे बढ़ता है, लेकिन हमला नहीं करता.

बताया जा रहा है कि चूका क्षेत्र के आसपास एक बाघिन अपने दो शावकों के साथ मौजूद है और वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला बाघ संभवतः उन्हीं शावकों में से एक हो सकता है. घटना के बाद वन विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए नावों को किनारों से दूर रखने के निर्देश दिए हैं और जंगल तथा जलाशय क्षेत्रों में वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है.

हालांकि पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों का दिखाई देना सामान्य बात है, लेकिन बोटिंग के दौरान किसी बाघ का नाव की ओर बढ़ना बेहद दुर्लभ घटना मानी जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »