हरदोई में दो बसों के बीच दबकर महिला की मौत, 10 साल पहले पति ने भी ऐसे ही हादसे में गंवाई थी जान

हरदोई रोडवेज बस अड्डे पर एक महिला की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया. वह बस पकड़ने के लिए आगे बढ़ रही थी, तभी दो रोडवेज बसों के बीच फंस गई. अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. करीब 10 साल पहले इस महिला के पति की भी दो वाहनों के बीच फंसकर जान गई थी. अब परिवार के दो बच्चे अनाथ हो गए हैं और हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Advertisement
दो बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया. (Photo: Screengrab) दो बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया. (Photo: Screengrab)

प्रशांत पाठक

  • हरदोई,
  • 23 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:29 AM IST

कभी-कभी एक हादसा सिर्फ एक जान नहीं लेता, बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी बदल देता है. हरदोई से आई यह खबर ऐसी ही है. यहां रोडवेज बस अड्डे पर हुई एक दर्दनाक घटना ने दो बच्चों के सिर से मां का साया भी छीन लिया. जिस तरह महिला की मौत हुई, लगभग उसी तरह 10 साल पहले उसके पति ने भी अपनी जान गंवाई थी.

Advertisement

मामला हरदोई शहर के रोडवेज बस अड्डे का है. मृतका की पहचान 32 साल की नेहा सिंह के रूप में हुई है. वह खेतुई गांव की रहने वाली थीं और एक निजी दवा कंपनी में काम करती थीं. बुधवार को उन्हें उन्नाव के बांगरमऊ में कंपनी की मीटिंग में शामिल होना था. इसी सिलसिले में वह रोडवेज बस अड्डे पहुंची थीं.

परिजनों के मुताबिक, नेहा बस में चढ़ने के लिए आगे बढ़ रही थीं. तभी हरदोई डिपो और कन्नौज डिपो की दो रोडवेज बसें एक साथ आगे बढ़ीं. आरोप है कि दोनों चालकों ने जल्दबाजी में बसें मोड़नी शुरू कर दीं और यह नहीं देखा कि उनके बीच से एक महिला गुजर रही है. अगले ही पल नेहा दोनों बसों के अगले हिस्से के बीच बुरी तरह फंस गईं.

बस अड्डे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला दोनों बसों के बीच फंसी दिखाई देती हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ठाणे के भिवंडी में भीषण सड़क हादसा... तेज रफ्तार कार ने 3 बाइकों को रौंदा, एक की मौत, 2 घायल

इस कहानी का एक दर्दनाक हिस्सा और भी है. करीब दस साल पहले नेहा के पति सर्वेश सिंह, जो पेशे से ट्रक चालक थे, उनकी भी एक सड़क हादसे में मौत हुई थी. तब वह डीसीएम और ट्रक के बीच फंस गए थे. पति की मौत के बाद नेहा ने खुद नौकरी कर परिवार की जिम्मेदारी उठाई. उन्होंने अपने दोनों बच्चों की परवरिश की और घर को संभाला. अब नेहा उसी तरह के हादसे का शिकार हो गईं.

नेहा के घर में 15 साल की बेटी और 11 साल का बेटा है. एक दशक पहले बच्चों ने पिता को खोया था, अब मां भी चली गई. नेहा के देवर देवेश सिंह का आरोप है कि अगर बस ड्राइवर सावधानी बरतते तो यह हादसा नहीं होता. उनके मुताबिक, दोनों बसें बिना आसपास देखे आगे बढ़ा दी गईं, जिसकी वजह से ये हादसा हुआ.

हरदोई के सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि महिला दो बसों के बीच फंस गई थी. गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »