फर्रुखाबाद हुआ था तबादला, पर न घर पहुंचे न ड्यूटी... इटावा के बास्केटबॉल ग्राउंड में मिला हेड कांस्टेबल का शव; रो पड़ा पूरा महकमा

UP के इटावा पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल अजीत सिंह यादव का शव बास्केटबॉल गोलपोस्ट से लटका मिला है. 10 दिन पहले हुए तबादले और इस संदिग्ध आत्महत्या के पीछे के कारणों को खंगालने में जुटी पुलिस की पूरी विस्तृत रिपोर्ट यहां पढ़ें...

Advertisement
हेड कांस्टेबल को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई.(Photo:ITG) हेड कांस्टेबल को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई.(Photo:ITG)

अमित तिवारी

  • इटावा,
  • 06 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:29 PM IST

उत्तर प्रदेश के इटावा रिजर्व पुलिस लाइन से एक बेहद दर्दनाक वाकया सामने आया है. यहां शनिवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब पुलिस लाइन के बास्केटबॉल ग्राउंड में एक हेड कांस्टेबल का शव कपड़े की रस्सी से बने फंदे पर लटका हुआ पाया गया. मृतक की पहचान 41 साल के अजीत सिंह यादव के रूप में हुई है, जो वर्तमान में इटावा पुलिस लाइन में ही तैनात थे.

Advertisement

दरअसल, शनिवार सुबह जब रोज की तरह दीवान अजय दीक्षित ग्राउंड में टहलने के लिए निकले, तो उन्होंने बास्केटबॉल के गोलपोस्ट के पास हेड कांस्टेबल अजीत सिंह का शव लटकते हुए देखा. पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी खड़ी थी. यह खौफनाक मंजर देखते ही उन्होंने तुरंत आला अफसरों को इसकी सूचना दी.

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने बारीकी से साक्ष्य जुटाने के बाद शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

कानपुर देहात के अमराहट थाना इलाके के महेशपुर गांव निवासी अजीत सिंह यादव साल 2005 में सिपाही पद पर चयनित हुए थे. वर्तमान में इटावा पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल थे. करीब 10 दिन पहले फर्रुखाबाद तबादला हुआ था, लेकिन कार्यभार ग्रहण करने नहीं गए थे, वह घर भी नहीं पहुंचे थे, परिवार वालों ने रिश्तेदारी में जाने की आशंका जताई थी.

Advertisement

मृतक के बड़े भाई एसआइ अरविंद कुमार ने बताया परिवार में कोई विवाद नहीं था. पत्नी निशा देवी, एक पुत्र और एक पुत्री के साथ पुलिस क्वार्टर में रहते थे. साल 2015 से इटावा पुलिस लाइन में आवास मिला था, पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर पुलिस लाइन शहीद स्थल लाया गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित किए, शस्त्र झुकाकर शोक सलामी दी.

पुलिस परंपरा के अनुसार साथियों ने कंधा देकर अंतिम विदाई दी. एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, सीओ सिटी अभय नारायण राय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. इसके बाद पार्थिव शरीर पैतृक निवास ले जाया गया.

पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है,आत्महत्या के पीछे का कारण अभी साफ नहीं हो सका है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »