उत्तर प्रदेश के संभल में रिश्तों को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है. एक पत्नी ने अपने पति के प्रेम संबंधों के बीच बाधक बनने पर प्रेमी समधी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. आरोपियों ने हत्या को दुर्घटना या रंजिश का रूप देने की नाकाम कोशिश भी की. वारदात को अंजाम देने के बाद लोगों को गुमराह करने के लिए आरोपी पत्नी दहाड़े मारकर रोई भी थी.
आपको बता दें कि बुधवार सुबह धनारी थाना क्षेत्र के भिरावटी गांव में 40 वर्षीय किसान नरेश का शव खेत पर मिला था. जांच में पता चला कि नरेश की पत्नी शीला और उसके प्रेमी सतपाल ने मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या की. हत्या का मुख्य कारण शीला और सतपाल के बीच अवैध प्रेम संबंध थे, जिनकी भनक नरेश को लग चुकी थी.
नरेश को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने यह साजिश रची. घटना के बाद शीला ने चचेरे देवर पर हत्या का आरोप लगाकर गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच ने इस खौफनाक राज से पर्दा उठा दिया.
पति बना प्रेम संबंधों में बाधक
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक नरेश हर रोज देर रात घर लौटता था, लेकिन उस रात नहीं आया. पत्नी शीला ने पति के घर न लौटने की बात जेठ को बताई. पुलिस को शुरुआती जांच में ही शीला पर शक हुआ. गांव के लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों ने शीला और सतपाल के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग की पुष्टि की. सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, सतपाल की पत्नी की मौत के बाद से ही शीला और उसके समधी सतपाल के बीच संबंध थे. जब नरेश को इस बारे में पता चला, तो दोनों ने उसे अपने रास्ते से हटाने की योजना बनाई. घटना को किसी और द्वारा अंजाम दिए जाने का रूप देने के लिए शीला ने शोर भी मचाया था. पुलिस ने अब आरोपी पत्नी शीला और प्रेमी सतपाल दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
अभिनव माथुर