उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के खैर थाना क्षेत्र स्थित जरारा गांव से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 19 साल की युवती की हत्या के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि घटना के बाद पिता ने सबूत छिपाने की कोशिश में बेटी के शव को खेत में ले जाकर मिट्टी में दबा दिया.
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब खेत की ओर गए कुछ ग्रामीणों की नजर असामान्य तरीके से खोदी गई मिट्टी पर पड़ी. शक होने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी पिता से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.
आरोपी पिता ने बताया कि उसकी बेटी पड़ोस में रहने वाले अपनी ही बिरादरी के एक युवक से बातचीत करती थी. इसे लेकर वह लंबे समय से नाराज था और उसने कई बार बेटी को समझाने की कोशिश की थी. पुलिस के मुताबिक गुस्से में आकर उसने बेटी की हत्या कर दी और बाद में शव को खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
अकरम खान