किस्मत जिंदगी में बड़ा रोल निभाती है. कई बार लोग सालों मेहनत करते हैं, फिर भी उन्हें सफलता नहीं मिलती, जबकि कुछ लोगों पर किस्मत इतनी मेहरबान होती है कि उनकी कहानी दुनिया के लिए चर्चा बन जाती है. अमेरिका के इडाहो में रहने वाले एक शख्स की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. वजह है उनकी बार-बार लगने वाली लॉटरी. वह भी एक-दो बार नहीं, बल्कि पूरे 18 बार.
द इंडिपेंडट न्यूज के मुताबिक, रॉबर्ट बेवन नाम के इस शख्स ने अब तक 18 बार लॉटरी जीती है और लाखों डॉलर के इनाम अपने नाम किए हैं. किस्मत के दम पर आज वह करोड़ों रुपये जीत चुके हैं और अमेरिका में एक रईस की जिंदगी जी रहे हैं. ऐसे में लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर 18 बार लॉटरी जीतने का उनका सीक्रेट क्या है. इस सवाल का जवाब भी खुद रॉबर्ट ने दिया.
रॉबर्ट बेवन इडाहो के बोइसी शहर में रहते हैं. वह पिछले करीब 30 साल से लॉटरी खेल रहे हैं और इसी दौरान 18 बार जीत हासिल कर चुके हैं. उनकी पहली बड़ी जीत साल 1997 में हुई थी, जब उन्होंने Idaho Lottery की “Blazer Bucks” प्रमोशन के दौरान एक कार जीती थी.
इसके बाद उनकी जीत का सिलसिला लगातार चलता रहा. रॉबर्ट कई बार बड़ी रकम जीत चुके हैं. उन्होंने 2 लाख डॉलर तक के चेक हासिल किए हैं, जबकि कई बार 20 हजार डॉलर, 5 हजार डॉलर और 1 हजार डॉलर के इनाम भी जीते हैं.
सिर्फ लॉटरी ही नहीं, उन्होंने कई स्क्रैच गेम्स में भी जीत दर्ज की है. खास तौर पर King Scratch Game में उन्होंने कई इनाम जीते. इस गेम में हर बार करीब 5 लाख 15 हजार टिकट बेचे जाते हैं और इसका टॉप प्राइज 10 लाख डॉलर होता है.
'पत्नी ही मेरी असली लकी चार्म है'
हालांकि, इतनी बार लॉटरी जीतने के बावजूद रॉबर्ट का कहना है कि उन्होंने कभी इसे गणित या किसी खास फॉर्मूले की तरह नहीं देखा. उनके लिए यह सिर्फ एक शौक है, जिसे वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर एंजॉय करते हैं.
हाल ही में 50 हजार डॉलर जीतने के बाद रॉबर्ट बेवन ने Idaho Lottery से कहा कि मेरी असली किस्मत 40 साल से एक ही शानदार महिला का साथ है.” दरअसल, इस साल रॉबर्ट और उनकी पत्नी अपनी शादी की 40वीं सालगिरह मना रहे हैं.
उन्होंने बताया कि लॉटरी टिकट खरीदना अब उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. जब भी वे ग्रोसरी या पेट्रोल लेने बाहर जाते हैं, तो साथ में लॉटरी टिकट भी खरीद लेते हैं.
रॉबर्ट की लगातार जीत को बेहद दुर्लभ माना जा रहा है. खास बात यह भी है कि वह टिकट चुनने के लिए किसी खास रणनीति या गणितीय फॉर्मूले का इस्तेमाल नहीं करते.
रिपोर्ट में रोमानियाई-ऑस्ट्रेलियाई अर्थशास्त्री स्टीफन मेंडल का भी जिक्र किया गया, जिन्होंने एक गणितीय फॉर्मूले की मदद से 14 बार लॉटरी जीती थी. मेंडल ने अपनी पहली दो जीत रोमानिया में हासिल की थीं, जहां वह अपने परिवार को कम्युनिस्ट शासन वाले देश से बाहर निकालने के लिए पैसे जुटाने की कोशिश कर रहे थे. उस समय उनकी सैलरी सिर्फ 88 डॉलर महीना थी. बाद में वह इजरायल और फिर ऑस्ट्रेलिया चले गए, जहां उन्होंने 12 और बार लॉटरी जीती.
aajtak.in