कार से दूर- दराज यात्रा करना काफी मजेदार होता है. आज एक से बढ़कर एक लग्जरियस कार उपलब्ध हैं. इनमें ऐसी कई सुविधाएं होती है, जो लोगों को एक आरामदायक ड्राइव का अनुभव दे. फिर भी अबतक शायद ही ऐसी कोई कार बनी हो, जिसमें टॉयलेट की सुविधा हो. इसके लिए हमें अपनी गाड़ी रोकना ही पड़ता है. लेकिन, एक कार निर्माता कंपनी ने इसका भी समाधान ढूंढ लिया है.
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी ऑटोमोबाइल निर्माता ने आवाज से एक्टिव होने वाले होने वाले कार टॉयलेट का पेटेंट कराया है. इस सुविधा का उद्देश्य लंबी यात्राओं के दौरान टॉयलेट से जुड़ी जरूरतों को पूरा करना है.
सरकारी डेटाबेस के अनुसार, एक चीनी ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी ने स्लाइडिंग कार सीट के नीचे छिपे हुए एक शौचालय का पेटेंट कराया है, जिसे वॉयस कमांड का इस्तेमाल करके ऑपरेट किया जा सकता है. पब्लिक रिकॉर्ड से पता चलता है कि इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी सेरेस को इस महीने की शुरुआत में अपने मोबाइल शौचालय के लिए पेटेंट की मंजूरी मिल गई है. इसमें चलते-फिरते टॉयलेट का इस्तेमाल सीट को पीछे धकेलकर मैन्युअल तरीके से करना होगा.
वायस कमांड से कंट्रोल होगा पूरा सिस्टम
'टॉयलेट फंक्शन शुरू करें' जैसे वॉइस कमांड के माध्यम से भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. सेरेस के इंजीनियरों ने पेटेंट फाइलिंग में लिखा है कि इस सुविधा का मकसद लंबे सफर के दौरान, कैंपिंग करते समय या कार में रहते समय लोगों की शौचालय संबंधी जरूरतों को पूरा करना है.
एक पंखे की व्यवस्था और एक निकास पाइप कार से दुर्गंध को बाहर निकाल देते हैं, जबकि अपशिष्ट को एक टैंक में इकट्ठा किया जाता है, जिसे समय-समय पर खाली करना जरूरी होता है. इस टॉयलेट में एक घूमने वाला हीटिंग एलिमेंट भी लगा है जो यूरिन को वैपोराइज कर देता है और अन्य गंदगी को सुखा देता है.
सेरेस ने अभी तक टॉयलेट से लैस किसी भी वाहन की घोषणा नहीं की है और यह स्पष्ट नहीं है कि ऐसे किसी वाहन का उत्पादन किया जाएगा या नहीं.
चीन की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनियों ने हाल के वर्षों में खरीदारों को प्रभावित करने के प्रयास में, तेजी से विचित्र एक्सेसरीज से लैस मॉडल पेश किए हैं. कराओके सिस्टम और मिनी-फ्रिज जैसी सुविधाएं अब काम में आम हो गई हैं. कार निर्माता कंपनी नियो अपनी कार की सीटों में 'हॉट स्टोन मसाज' की सुविधा होने का दावा करती है.
aajtak.in