भारत में चाय सिर्फ आदत नहीं, बल्कि एहसास है. सुबह की शुरुआत हो या दिनभर की थकान, एक कप चाय हर मूड को बेहतर बना देती है. देश के अलग-अलग हिस्सों में चाय का स्वाद, खुशबू और बनाने का तरीका भी अलग होता है. ऐसे में अगर आप चाय के शौकीन हैं तो आपको भारत के मशहूर चाय बागानों की सैर जरूर करनी चाहिए, जहां आप चाय के साथ खूबसूरत नजारों का भी आनंद ले सकते हैं. इन बागानों में चाय की खुशबू और नेचर की हरियाली के बीच आपको बेहद सुकून का एहसास होगा. आइए जानें भारत के इन मशहूर चाय बागानों के बारे में.
दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल)
दार्जिलिंग को अक्सर चाय की रानी कहा जाता है. यहां की चाय हल्की और खुशबूदार होती है, जिसे दुनिया भर में पसंद किया जाता है. यहां आने वाले लोग खूबसूरत सीढ़ीनुमा चाय बागानों में घूम सकते हैं, पत्तियां तोड़ने वाले कारीगरों से मिल सकते हैं और पुराने बंगले में बैठकर चाय का स्वाद ले सकते हैं. ठंडी पहाड़ी हवा और कंचनजंघा के शानदार नजारे इस जगह को और भी खास बना देते हैं.
असम (असम वैली)
असम की चाय गाढ़ी और मजबूत स्वाद वाली होती है, जो ज्यादातर लोगों की पसंद होती है. यहां आने वाले लोग दूर-दूर तक फैले चाय बागानों को देख सकते हैं और फैक्ट्री में जाकर समझ सकते हैं कि चाय पत्तियों से कप तक कैसे पहुंचती है. इसके अलावा ब्रह्मपुत्र नदी में बोट राइड और लोकल बाजार घूमना इस सफर को और भी खास बना देता है.
मुन्नार (केरल)
मुन्नार की हरी-भरी पहाड़ियां और उनमें सजे चाय के बागान देखने में बहुत खूबसूरत लगते हैं. यहां की चाय भी काफी स्ट्रॉन्ग होती है. आप यहां फैक्ट्री विजिट करके चाय बनाने की पूरी प्रोसेस को करीब से देख सकते हैं. सुबह का ठंडा और हल्का धुंध वाला मौसम इस जगह को और भी सुकून भरा बना देता है, जहां आप आराम से समय बिता सकते हैं.
नीलगिरी (तमिलनाडु)
नीलगिरी अपनी खुशबूदार और ताजगी भरी चाय के लिए जाना जाता है. यहां की नीले रंग की पहाड़ियां और खूबसूरत रास्ते सफर को यादगार बना देते हैं. आप यहां पुराने चाय बागानों में घूम सकते हैं और अलग-अलग तरह की चाय का स्वाद ले सकते हैं. यहां के छोटे टी म्यूजियम और फैक्ट्री इस अनुभव को और भी खास बनाते हैं.
कांगड़ा वैली (हिमाचल प्रदेश)
कांगड़ा की चाय हल्के और अलग स्वाद के लिए जानी जाती है. यहां पहाड़ों के बीच बसे छोटे-छोटे चाय बागान देखने को मिलते हैं. आप यहां चाय बनाने के ट्रेडिशनल तरीके सीख सकते हैं और शांति भरे माहौल में चाय का आनंद ले सकते हैं. बर्फ से ढके पहाड़ और सुकून भरे गांव इस जगह को घूमने के लिए बेहद खास बनाते हैं.
अगर आप भी टी लवर हैं तो छुट्टियों में अपने परिवार या दोस्तों के साथ इन जगहों पर जाना न भूलें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क