लियोनेल मेसी की फिटनेस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 से पहले अर्जेंटीना की टेंशन बढ़ा दी है. इंटर मियामी के स्टार फॉरवर्ड को बाएं हैमस्ट्रिंग में मसल फटीग से जुड़ी समस्या हुई है, जिसके बाद उनके वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर फैन्स के बीच चिंता बढ़ गई है.
इंटर मियामी ने सोमवार को आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ MLS मुकाबले के बाद हुए मेडिकल टेस्ट में मेसी के बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में 'ओवरलोड' पाया गया.
यह चोट ऐसे समय आई है जब अर्जेंटीना टीम अपने वर्ल्ड कप टाइटल को डिफेंस करने की तैयारियां शुरू करने वाली है. 38 साल के मेसी रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में शानदार लय में नजर आ रहे थे.
इंटर मियामी ने फिलाडेल्फिया यूनियन को 6-4 से हराया, लेकिन मैच के दौरान मेसी को लगातार परेशानी महसूस होती रही. दूसरे हाफ में उन्हें अपने बाएं पैर के पीछे हाथ लगाते देखा गया और उनकी मूवमेंट भी काफी धीमी हो गई थी.
आखिरकार 73वें मिनट में उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. हालांकि अच्छी बात यह रही कि मेसी बिना किसी सहारे के खुद चलते हुए ड्रेसिंग रूम तक गए. मैच में चोटिल होने से पहले मेसी ने शानदार प्रदर्शन किया था.
उन्होंने पहले हाफ में दो बेहतरीन असिस्ट दिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. इंटर मियामी ने फिलहाल मेसी की रिकवरी को लेकर कोई निश्चित समयसीमा नहीं दी है.
क्लब का कहना है कि उनकी वापसी उनकी 'क्लीनिकल और फंक्शनल प्रोग्रेस' पर निर्भर करेगी. आमतौर पर हैमस्ट्रिंग इंजरी की गंभीरता अलग-अलग हो सकती है और खिलाड़ी को ठीक होने में कुछ दिन से लेकर कई हफ्तों तक का समय लग सकता है.
यह खबर अर्जेंटीना के लिए बेहद अहम समय पर आई है. टीम जल्द ही वर्ल्ड कप कैंप शुरू करने वाली है और टूर्नामेंट से पहले उसे दो फ्रेंडली मैच भी खेलने हैं.
अर्जेंटीना 17 जून को कंसास सिटी में अल्जीरिया के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगा. टीम के ग्रुप में ऑस्ट्रिया और जॉर्डन भी शामिल हैं. मेसी के लिए यह वर्ल्ड कप बेहद खास माना जा रहा है क्योंकि वह अपने करियर का छठा वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं.
फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में गिने जाने वाले मेसी अब तक दो बार वर्ल्ड कप गोल्डन बॉल जीत चुके हैं. उन्होंने 2014 और 2022 में यह सम्मान हासिल किया था.
खासतौर पर कतर 2022 में उन्होंने अर्जेंटीना को यादगार जीत दिलाकर अपने करियर का सबसे बड़ा सपना पूरा किया था. अब पूरी दुनिया की नजर उनकी फिटनेस पर टिकी हुई है.
अर्जेंटीना और उसके करोड़ों फैन्स यही उम्मीद कर रहे हैं कि यह चोट ज्यादा गंभीर न हो और मेसी जल्द मैदान पर वापसी करें.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क