क्रिकेट के दिग्गज ऑलराउंडर गैरी सोबर्स का निधन, 89 की उम्र में ली अंतिम सांस

वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर और इतिहास के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर माने जाने वाले सर गारफील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. क्रिकेट वेस्टइंडीज ने उनके निधन की पुष्टि की. उन्होंने अपने करियर में 93 टेस्ट में 8032 रन, 235 विकेट और 109 कैच लेकर क्रिकेट इतिहास में अमिट छाप छोड़ी.

Advertisement
सर गारफील्ड सोबर्स का निधन. (File Image: Reuters) सर गारफील्ड सोबर्स का निधन. (File Image: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:58 PM IST

क्रिकेट जगत के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है. क्रिकेट इतिहास के सबसे महान ऑलराउंडर माने जाने वाले वेस्टइंडीज के दिग्गज सर गारफील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन के साथ ही क्रिकेट के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया. क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए उनके निधन की पुष्टि की.

सर गारफील्ड सोबर्स का जन्म 28 जुलाई 1936 को बारबाडोस में हुआ था. उन्होंने अपने शानदार खेल से क्रिकेट की परिभाषा बदल दी. वह बाएं हाथ के बेहतरीन बल्लेबाज थे. इसके साथ ही वह बाएं हाथ से फास्ट-मीडियम पेस और स्पिन गेंदबाजी दोनों करने में माहिर थे. मैदान पर उनकी फुर्ती और शानदार फील्डिंग ने उन्हें अपनी पीढ़ी के सर्वश्रेष्ठ फील्डरों में भी शामिल किया. उनकी इसी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें क्रिकेट का सबसे संपूर्ण खिलाड़ी बना दिया.

Advertisement

17 साल की उम्र में किया टेस्ट डेब्यू

सर गारफील्ड सोबर्स ने महज 17 साल की उम्र में वेस्टइंडीज के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया. इसके बाद उन्होंने 93 टेस्ट मैच खेले और 57.78 की औसत से 8032 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 26 शतक निकले. गेंदबाजी में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और 235 विकेट अपने नाम किए. फील्डिंग में भी उनका योगदान कम नहीं रहा. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 109 कैच लेकर अपनी उपयोगिता साबित की.

 

365 रन की ऐतिहासिक पारी से बनाया था विश्व रिकॉर्ड

सर गारफील्ड सोबर्स के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में साल 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई नाबाद 365 रन की पारी शामिल है. उस समय यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था. इस पारी ने उन्हें दुनिया के महान बल्लेबाजों की कतार में खड़ा कर दिया.

Advertisement

पहली बार एक ओवर में लगाए थे छह छक्के

साल 1968 में सर गारफील्ड सोबर्स ने क्रिकेट इतिहास का एक और यादगार रिकॉर्ड बनाया. वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक ओवर की सभी छह गेंदों पर छह छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने. यह उपलब्धि आज भी क्रिकेट इतिहास के सबसे प्रतिष्ठित रिकॉर्ड में गिनी जाती है.

वेस्टइंडीज की कप्तानी भी संभाली

सर गारफील्ड सोबर्स ने वेस्टइंडीज टीम की कप्तानी भी की. उन्होंने कैरेबियाई क्रिकेट को नई पहचान दी और आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरित किया. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में मैच का रुख बदलने की उनकी क्षमता उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती थी. यही वजह है कि आज भी हर महान ऑलराउंडर की तुलना सर गारफील्ड सोबर्स से की जाती है.

क्रिकेट में योगदान के लिए मिले कई बड़े सम्मान

क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किया गया था. उन्हें विजडन ने क्रिकेटर ऑफ द सेंचुरी चुना. इसके अलावा उन्हें आईसीसी हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया गया. ये सम्मान इस बात का प्रमाण हैं कि उन्होंने क्रिकेट पर कितना गहरा प्रभाव छोड़ा.

हर ऑलराउंडर के लिए बने मानक

सर गारफील्ड सोबर्स को सिर्फ उनके रिकॉर्ड के लिए ही नहीं, बल्कि उनके खेल की संपूर्णता के लिए याद किया जाता है. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में उनका योगदान उन्हें क्रिकेट इतिहास का सबसे महान ऑलराउंडर बनाता है. छह दशक से अधिक समय बाद भी दुनिया भर के ऑलराउंडरों का आकलन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है.

Advertisement

उनके निधन से क्रिकेट जगत ने एक ऐसी महान शख्सियत को खो दिया है, जिसने अपने खेल से करोड़ों प्रशंसकों को प्रेरित किया और क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. उनकी उपलब्धियां और विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी. 

 

 वेस्टइंडीज के महान ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स  के 89 वर्ष की आयु में हुए निधन पर बीसीसीआई (BCCI) ने गहरा दुख जताया है. भारतीय बोर्ड ने उन्हें क्रिकेट का एक सच्चा आइकन और सर्वकालिक महान ऑलराउंडरों में से एक करार दिया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »