IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की कप्तानी को लेकर उठे विवाद पर भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने खुलकर अपनी राय रखी है. उन्होंने अपने 'चेले' अभिषेक शर्मा को कप्तानी ना दिए जाने पर निराशा जताई और इसे एक खिलाड़ी के नजरिए से समझने की बात कही.
दरअसल, चोटिल पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में शुरुआती मैचों के लिए ईशान किशन को कप्तान बनाया है, जबकि अभिषेक शर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है. यह निर्णय इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अभिषेक लंबे समय से टीम का हिस्सा रहे हैं और उन्होंने 2024 सीजन में एसआरएच को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन हैं, जो अक्सर अपनी टीम को चीयर करती नजर आती हैं.
युवराज सिंह ने स्पोर्ट्स तक के पॉडकास्ट में कहा, 'मैं थोड़ा निराश था. मैं ईशान किशन को भी पसंद करता हूं और उनकी ग्रोथ देखी है, लेकिन खिलाड़ी के नजरिए से देखें तो यह फैसला मुश्किल होता है. अगर आप रोल बदल दें और सोचें कि कोई खिलाड़ी सालों से टीम के लिए खेल रहा है, शानदार प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन फिर भी उसे कप्तानी नहीं मिलती तो वह किस मानसिकता के साथ खेलेगा. निराशा तो होगी ही.'
युवराज सिंह ने अपने करियर का जिक्र करते हुए 2007 का उदाहरण भी दिया, जब एमएस धोनी को अचानक टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी गई थी. उन्होंने कहा, 'जब मैं टीम में था तब भज्जी सीनियर थे, सहवाग सीनियर थे. लेकिन मैं उपकप्तान था. यह 2007 की बात है. लेकिन अचानक धोनी आए और कप्तान बन गए. ऐसे फैसले खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होते, लेकिन कभी-कभी वही इतिहास बनाते हैं.'
युवराज ने अभिषेक को दी खास सलाह
इसके साथ ही युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा को सलाह दी कि वह इस निराशा को अपनी ताकत बनाएं. युवराज ने आगे बताया, 'मैंने अभिषेक से कहा है कि इस निराशा को किनारे रखो, अपने कप्तान का समर्थन करो और और भी बेहतर प्रदर्शन करो. अगर तुमको ठेस लगी है, तो उसे मोटिवेशन बनाओ.'
युवराज सिंह ने एसआरएच की गेंदबाजी पर भी सवाल उठाए और कहा, 'मुझे नहीं लगता कि उनकी बॉलिंग बहुत मजबूत है. हो सकता है मैं गलत साबित हो जाऊं, लेकिन अभी यह कमजोर दिख रही है.'
फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद के इस फैसले को लेकर बहस तेज हो गई है. युवराज सिंह के ताजा बयान ने इस मुद्दे को और भी गरमा दिया है.
aajtak.in