इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत की आधारशिला रखी. रविवार (5 अप्रैल) को हैदराबाद (SRH) के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में शमी ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए और सिर्फ 9 रन खर्च किए.
मोहम्मद शमी ने अपने स्पेल में कुल 18 डॉट बॉल डालीं, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुईं. लखनऊ सुपर जायंट्स ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीता, जो मौजूदा सीजन में इस टीम की पहली जीत रही. शमी को उनके इस शानदार प्रदर्शन के चलते 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.
मैच के बाद मोहम्मद शमी ने अपने प्रदर्शन को लेकर कहा कि वह कोई मशीन नहीं हैं और उनके खेल में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं. उन्होंने कहा, 'मैं मशीन नहीं हूं, मेरा सीजन ऊपर-नीचे हो सकता है. मैंने पिछले कुछ सालों में अच्छा प्रदर्शन किया है, अगर लोगों ने नोटिस नहीं किया तो वो अलग बात है, लेकिन मैं हमेशा अच्छा करने की कोशिश करता हूं.'
गौरतलब है कि मोहम्मद शमी के लिए पिछला आईपीएल सीजन काफी चुनौतीपूर्ण रहा था. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए उन्होंने 9 मैचों में सिर्फ 6 विकेट लिए थे और उनकी इकोनॉमी रेट 11.23 रही थी. हालांकि, इस बार उन्होंने दमदार वापसी करते हुए अपनी उपयोगिता साबित की है.
यह भी पढ़ें: 10 करोड़ का ट्रेड पड़ा उल्टा... मोहम्मद शमी ने अपनी पुरानी टीम को घर में किया तबाह
मोहम्मद शमी ने अपनी इस सफलता का श्रेय फिटनेस और घरेलू क्रिकेट को दिया. उन्होंने कहा कि मैच फिट रहने के लिए लगातार खेलना जरूरी है. शमी कहते हैं, 'अगर आप खेलना चाहते हैं तो गेम के संपर्क में रहना जरूरी है. फिट रहेंगे तभी आप अपनी स्किल्स पर काम कर पाएंगे, इसलिए मैंने घरेलू क्रिकेट खेला.'
शमी ने खोला शानदार गेंदबाजी का राज
मोहम्मद शमी ने यह भी बताया कि पिच की परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी में बदलाव करना जरूरी था. शमी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खतरनाक बल्लेबाजों ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा को जल्दी आउट कर विपक्षी टीम को प्रेशर में ला दिया. उन्होंने कहा कि धीमी पिच पर गेंद की रफ्तार कम रखना और सही लाइन-लेंथ बनाए रखना जरूरी था.
मोहम्मद शमी ने बताया, 'हम जानते थे कि अगर उन्हें स्पेस या सही जोन में गेंद देंगे तो वे आसानी से बड़े शॉट खेलेंगे. इसलिए हमने गेंद में पेस कम की और कोशिश की कि उन्हें ज्यादा एलिवेशन न मिले. बिना स्किल और अनुभव के बिना कुछ भी नहीं होता,'
अनुभवी तेज गेंदबाज ने यह भी कहा कि टीम के भीतर तालमेल और समझ बहुत जरूरी होती है. इस जीत के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स ने टूर्नामेंट में वापसी का संकेत दे दिया है. मोहम्मद शमी का यह प्रदर्शन आने वाले मुकाबलों के लिए टीम को आत्मविश्वास देगा.
aajtak.in