इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-7 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को ऐसा जबरदस्त स्वागत मिला, जिसके चलते टॉस के दौरान लाइव बातचीत तक रुक गई. 3 अप्रैल (शुक्रवार) को चेन्नई के एमए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में हुए इस मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया.
इसके बाद जैसे ही ऋतुराज गायकवाड़ बोलने आए, चेपॉक में मौजूद येलो आर्मी ने खूब शोर मचाया. फैन्स का शोर इतना ज्यादा था कि कमेंटेटर इयान बिशप और कप्तान गायकवाड़ एक-दूसरे की बात तक नहीं सुन पाए.
स्थिति ऐसी बन गई कि इयान बिशप को ऋतुराज गायकवाड़ के बेहद करीब जाकर खड़ा होना पड़ा. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मुझे थोड़ा करीब आने दीजिए. मैं कैमरों से माफी मांगता हूं. शोर की वजह से यह बातचीत इतनी लंबी खिंच रही है, इसके लिए मुझे खेद है. मैं आपको सुन नहीं पा रहा हूं. इस बातचीत को इतना लंबा खींचने के लिए मैं खेद व्यक्त करता हूं.'
प्रशांत वीर का हुआ IPL डेब्यू
इस मुकाबले के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया. मैथ्यू शॉर्ट की जगह प्रशांत वीर को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया. पांच बार की आईपीएल चैम्पियन टीम को अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) के हाथों 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी.
ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस के दौरान साफ किया कि इस सीजन में वह संजू सैमसन के साथ ओपनिंग करेंगे, जबकि आयुष म्हात्रे नंबर-3 पर बल्लेबाजी करेंगे. उन्होंने कहा, “हमारी सफलता में टॉप ऑर्डर की बड़ी भूमिका रही है. इसलिए हमने सोचा कि मैं और सैमसन ओपन करें.'
ऋतुराज गायकवाड़ के मुताबिक चेपॉक की पिच इस बार थोड़ी सूखी नजर आ रही है और ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है. उन्होंने माना कि दूसरी पारी में ओस अहम भूमिका निभा सकती है, इसलिए पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के पास मैच को कंट्रोल करने का मौका रहेगा. चेपॉक के इस शानदार माहौल ने एक बार फिर दिखा दिया कि क्यों चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे लोकप्रिय टीमों में गिना जाता है.
aajtak.in