भारतीय महिला क्रिकेट टीम शनिवार (23 मई) को आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंग्लैंड रवाना हो गई. यह टूर्नामेंट 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा.
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को ग्रुप-1 में रखा गया है, जहां उसका सामना ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स से होगा.
भारत अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगा. इसके बाद टीम लीड्स में नीदरलैंड्स, मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश से भिड़ेगी. वहीं 28 जून को लंदन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच खेलेगी.
वर्ल्ड कप से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि मौजूदा भारतीय टीम में चैम्पियन बनने की पूरी क्षमता है. उन्होंने कहा कि टीम को बिना दबाव और बिना जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास के सिर्फ अच्छा टी20 क्रिकेट खेलने पर ध्यान देना चाहिए.
उन्होंने कहा, 'मैं इस टीम को फेवरेट मानती हूं. हमने जो टीम चुनी है, उसमें चैम्पियन बनने का दम है. न कोई दबाव, न ओवर कॉन्फिडेंस. टी20 क्रिकेट सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने का खेल है.'
वर्ल्ड कप से पहले भारतीय महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेलेगी. पहला मैच 28 मई, दूसरा 30 मई और तीसरा 2 जून को खेला जाएगा.
पिछले साल भारतीय महिला टीम ने 50 ओवर वर्ल्ड कप अपने नाम किया था, ऐसे में इस बार टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम से खिताब जीतने की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं.
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान) , शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क