अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बोलस के साथ रविवार को राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जैसलमेर पहुंचीं. वे प्राइवेट जेट से जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट पर उतरीं, जहां स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया. एयरपोर्ट पर जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
हर गतिविधि पर रखी जा रही है नजर
जैसलमेर पहुंचने के बाद टिफनी ट्रंप को कड़े सुरक्षा घेरे में सिविल एयरपोर्ट से सीधे होटल सूर्यगढ़ के लिए रवाना किया गया. उनके काफिले में अमेरिकी ध्वज लगे वाहन शामिल थे, जिससे पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई. प्रशासन ने इस दौरे को देखते हुए जैसलमेर में पहले से ही हाई अलर्ट जारी कर रखा था.
टिफनी ट्रंप को स्टेट गेस्ट का दर्जा दिया गया है. उनके ठहरने के लिए शहर के प्रसिद्ध और भव्य होटल सूर्यगढ़ में विशेष इंतजाम किए गए हैं. होटल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी रखी जा रही है. इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए जैसलमेर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं. शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, होटल क्षेत्र और संभावित मूवमेंट रूट पर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है. इसके साथ ही खुफिया एजेंसियां भी लगातार गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं.
जानकारी के अनुसार टिफनी ट्रंप अपनी इस यात्रा के दौरान जैसलमेर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का दीदार करेंगी. उनके कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध सोनार किला (जैसलमेर फोर्ट), पटवों की हवेली और खूबसूरत गड़ीसर झील शामिल हैं. ये स्थल राजस्थान की समृद्ध विरासत और स्थापत्य कला के उत्कृष्ट उदाहरण माने जाते हैं.
पूरे शहर में किया गया कड़ी सुरक्षा का इंतजाम
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी. एयरपोर्ट से लेकर पर्यटन स्थलों तक अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है. संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. इसके अलावा एयरपोर्ट क्षेत्र के पास एयर डिफेंस सिस्टम की मौजूदगी और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों की तैनाती ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बना दिया है.
भारतीय और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां मिलकर पूरे दौरे की निगरानी कर रही हैं. टिफनी ट्रंप का यह दौरा सोमवार को समाप्त होगा. जिसके बाद उनके वापसी का कार्यक्रम निर्धारित है. इस यात्रा को लेकर स्थानीय पर्यटन उद्योग में भी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि ऐसे हाई-प्रोफाइल दौरे से जैसलमेर की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है.
विमल भाटिया