अजमेर में RE-NEET परीक्षा के दौरान बुर्के पर विवाद, छात्रा बोली- यह मेरी पहचान है

Ajmer Re-NEET Exam Burqa Hijab Controversy: अजमेर के RE-NEET परीक्षा केंद्र पर बुर्का और हिजाब पहनकर पहुंची छात्रा को लेकर विवाद हो गया. NTA गाइडलाइंस के तहत जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद छात्रा को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई.

Advertisement
NTA नियमों का हवाला देकर अड़ी छात्रा.(Photo:ITG) NTA नियमों का हवाला देकर अड़ी छात्रा.(Photo:ITG)

चंद्रशेखर शर्मा

  • अजमेर,
  • 21 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:49 PM IST

अजमेर से RE-NEET परीक्षा के दौरान हंगामे की खबर सामने आई है. यहां सावित्री गर्ल्स स्कूल परीक्षा केंद्र पर उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब एक मुस्लिम छात्रा बुर्का और हिजाब पहनकर परीक्षा देने पहुंची. एंट्री के समय केंद्र प्रशासन द्वारा बुर्के पर आपत्ति जताए जाने के बाद छात्रा और उसके परिजनों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की.

ब्यावर से परीक्षा देने पहुंची अभ्यर्थी उम्मे कुलसुम ने केंद्र प्रशासन की इस रोक पर कड़ा ऐतराज जताया. छात्रा ने कहा, "बुर्का मेरी पहचान है. जब एनटीए के नियम संख्या 8 में साफ तौर पर लिखा है कि यदि कोई धार्मिक पोशाक पहनकर आता है, तो वह चेकिंग के लिए समय से थोड़ा पहले पहुंच जाए. हमने पूरा सहयोग किया, फिर भी हमें रोका जा रहा है.

Advertisement

छात्रा के पिता मोहम्मद आलिम ने भी प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा हमारी बच्ची ने इससे पहले भी दो बार बुर्का पहनकर परीक्षा दी है, तब कोई समस्या नहीं हुई. एनटीए ने जब अनुमति दी है, तो यहां केंद्र पर क्यों रोका जा रहा है? हम पूरी चेकिंग कराने को तैयार हैं, लेकिन बच्ची बुर्का हटाकर परीक्षा नहीं देगी."

विवाद बढ़ता देख केंद्र प्रशासन और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला. अधिकारियों ने छात्रा और उसके पिता को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. इसके बाद, एनटीए की गाइडलाइंस के तहत छात्रा की गहन सुरक्षा जांच और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की गई और उसे परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया.

इस मामले पर अजमेर जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि अजमेर जिले के सभी 15 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जा रही है.

Advertisement

उन्होंने कहा परीक्षा केंद्रों पर सरकार और एनटीए के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है. नियमों के तहत चेकिंग, फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है. जो भी अभ्यर्थी वैलिड एडमिट कार्ड के साथ तय गाइडलाइंस का पालन कर रहे हैं, उन्हें परीक्षा में शामिल होने दिया जा रहा है.

फिलहाल, परीक्षा केंद्र पर स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और छात्रा शांतिपूर्वक अपनी परीक्षा दे रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »