19 जून से लापता मुस्कान का मिला शव, 5 दिन बाद हुई पहचान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

राजस्थान के भिवाड़ी में 19 जून से लापता 18 वर्षीय मुस्कान खातून का शव सूरज सिनेमा के पास पहाड़ी पर मिला. शव की हालत इतनी खराब थी कि पांच दिन बाद उसकी पहचान हो सकी. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
मृतक का मोबाइल गायब.(Photo: AI-generated) मृतक का मोबाइल गायब.(Photo: AI-generated)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर,
  • 27 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:40 PM IST

राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. 19 जून से लापता मुस्कान खातून का शव 22 जून को सूरज सिनेमा से सटी पहाड़ी की चोटी पर मिला था. शव की हालत इतनी खराब थी कि तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी. करीब पांच दिन बाद परिजनों ने शव की शिनाख्त की, जिसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, मृतका मुस्कान खातून मूल रूप से बिहार के सिवान जिले की रहने वाली थी. वह अपने परिवार के साथ भिवाड़ी के आलमपुर स्थित अजीत कॉलोनी में रहती थी. परिजनों के मुताबिक, 19 जून को वह घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिवार लगातार उसकी तलाश करता रहा.

यह भी पढ़ें: एक दिन में चार अग्निकांड! नोएडा की सोसाइटी-PG से भिवाड़ी-इंदौर तक आग का तांडव, Videos

इसी बीच 22 जून को स्थानीय लोगों ने सूरज सिनेमा के पास पहाड़ी पर एक युवती का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी. फूलबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

शव की हालत देख पहचान करना हुआ मुश्किल

पुलिस के अनुसार, शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और काफी हद तक गल-सड़ चुका था. शव पर कीड़े पड़ चुके थे और घुटनों के नीचे की हड्डियां तक दिखाई दे रही थीं. मृतका ने जींस और टॉप पहन रखा था, लेकिन चेहरा पूरी तरह विकृत होने के कारण पहचान संभव नहीं हो सकी.

Advertisement

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही जिले में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान शुरू किया. इसी प्रक्रिया के दौरान शव की पहचान मुस्कान खातून के रूप में हुई.

पहचान होने के बाद परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. परिवार का कहना है कि उन्हें हत्या की आशंका है और मामले की हर पहलू से जांच होनी चाहिए.

मोबाइल फोन गायब, जांच में कई सवाल

मृतका की मां ने बताया कि वह 19 जून से लगातार अपनी बेटी की तलाश कर रही थीं, लेकिन उसकी मौत की जानकारी उन्हें बाद में मिली. उन्होंने कहा कि मुस्कान के पास मोबाइल फोन था, जो अब तक बरामद नहीं हुआ है.

परिजनों का मानना है कि मोबाइल फोन इस मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकता है. फिलहाल मोबाइल का नहीं मिलना जांच को और जटिल बना रहा है.

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

हत्या, आत्महत्या या हादसा? हर एंगल पर जांच

फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

Advertisement

जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी सबूतों को जोड़कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मुस्कान की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह मामला हादसे का है, आत्महत्या का या फिर किसी सुनियोजित अपराध का. इन सभी सवालों के जवाब जांच पूरी होने और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »